

पालनपुर : गुजरात के बनासकांठा जिले की एक कॉलेज छात्रा को उसके नग्न वीडियो के जरिये ब्लैकमेल कर सात लोगों ने लगभग 16 महीने तक उससे कथित तौर पर कई बार बलात्कार किया। पुलिस ने बताया कि छह आरोपितों में से एक ने 20 वर्षीया एक युवती से इंस्टाग्राम पर तब दोस्ती की, जब उसने 2023 में पालनपुर में एक कॉलेज में जाना शुरू किया था। प्राथमिकी के अनुसार नवंबर 2023 में उसने उसे एक होटल में नाश्ते के लिए अपने साथ चलने के लिए मनाया। जहां अभियुक्त ने जानबूझकर युवती के कपड़े पर खाना गिराया और उसे साफ करने के बहाने एक कमरे में ले गया। जब युवती बाथरूम में अपने कपड़े साफ कर रही थी, तब विशाल चौधरी नामक अभियुक्त अंदर घुस आया और उसका वीडियो बना लिया। सोमवार को दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि जब युवती ने इसका विरोध किया तो उसने वीडियो को सार्वजनिक करने और इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने की धमकी दी। फिर उसी वीडियो क्लिप का इस्तेमाल कर उसने छात्रा को नवंबर 2023 से फरवरी 2025 के बीच अलग-अलग जगहों पर उसके और उसके दोस्तों के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। युवती द्वारा पालनपुर तालुका पुलिस से संपर्क करने के बाद, 6 पहचाने गए लोगों और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पालनपुर तालुका पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि बाकी आरोपितों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।