

सुराबाया (इंडोनेशिया) : इंडोनेशिया के मुख्य द्वीप जावा के निकट समुद्री क्षेत्र में रविवार सुबह 271 लोगों को लेकर जा रही एक यात्री फेरी में भीषण आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग लापता हैं। राहत एवं बचाव दल तथा आसपास से गुजर रहे जहाजों ने अब तक 225 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया है। राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी (बसरनास) के अनुसार, 'मुतियारा सेंटोसा-2' नामक फेरी पूर्वी जावा के सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासर जा रही थी। जहाज पर 232 यात्री और 39 चालक दल के सदस्य सवार थे। सुबह छह से सात बजे के बीच सुमेनेप रीजेंसी के समुद्री क्षेत्र में फेरी में आग लग गई। फेरी संचालक कंपनी पीटी एटोसिम लंपुंग पेलायारन ने घटना की सूचना लगभग एक घंटे बाद सुराबाया स्थित बचाव कार्यालय को दी।अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।