

पेरिस : फ्रांस ने शमोंडा वायरस से इंसान के संक्रमित होने के दुनिया के पहले ज्ञात मामले की पुष्टि की है। फ्रांसीसी स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, इस महीने एक गंभीर बीमारी से पीड़ित और कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले व्यक्ति की मौत हो गई। जांच में उसके शमोंडा वायरस से संक्रमित होने का पता चला। स्वास्थ्य एवं कृषि मंत्रालयों ने कहा कि यह असाधारण मामला है और फिलहाल आम लोगों को इससे कोई खतरा नहीं है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, पूर्वी फ्रांस में संक्रमित मच्छर जैसे कीट के काटने से व्यक्ति में संक्रमण हुआ। मौत से पहले उसमें तंत्रिका तंत्र संबंधी जटिलताएं देखी गई थीं। अधिकारियों ने कहा कि इनका संबंध वायरस के संक्रमण से होने की आशंका है। जांच जारी है। शमोंडा वायरस पहली बार 1960 के दशक के मध्य में नाइजीरिया में मिला था। यह मुख्य रूप से मवेशियों को संक्रमित करता है और खून चूसने वाले छोटे कीटों से फैलता है। फ्रांस ने विश्व स्वास्थ्य संगठन और यूरोपीय रोग निवारण एवं नियंत्रण केंद्र को इसकी सूचना दी है।