

काहिरा : मध्य पूर्व में युद्ध, महंगे ईंधन और सहायता में कटौती से अगले छह महीनों में 16 देशों में भूख का संकट गहराने की आशंका है। संयुक्त राष्ट्र की खाद्य एजेंसियों ने शुक्रवार को यह चेतावनी दी। खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) और विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) ने सूडान, यमन, दक्षिण सूडान, सोमालिया और उत्तरी नाइजीरिया को सबसे अधिक जोखिम वाले देश बताया है। सूडान के 13 इलाकों में जनवरी तक अकाल का खतरा है। करीब 1.95 करोड़ लोग गंभीर खाद्य संकट से जूझ रहे हैं। ज्वार की कीमतें दोगुनी से अधिक हो गई हैं। अल नीनो से जुड़ा सूखा खेती को प्रभावित कर रहा है। यमन में जुलाई से तेज लड़ाई के बीच सरकारी नियंत्रण वाले क्षेत्रों में 18 लाख लोग आपात खाद्य संकट झेल रहे हैं। लाल सागर और होर्मुज में जहाजों की आवाजाही बाधित होने से खाद्य आपूर्ति पर खतरा है। रिपोर्ट के मुताबिक, पांचों देशों में खाद्य और पोषण सहायता 2022 से 2025 के बीच 62 फीसदी घटी। यमन में यह 79 फीसदी कम हुई।