एफबीआई ने गैंगस्टर नीतीश कौशल को वरमोंट में किया गिरफ्तार

अमेरिका में हत्या, अपहरण और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल होने का आरोप
FBI arrests gangster Nitish Kaushal in Vermont
गैंगस्टर नीतीश कौशल
Published on

वाशिंगटन : अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई ने गैंगस्टर नीतीश कौशल को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर अमेरिका में हत्या, अपहरण और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल होने का आरोप है। यह गिरफ्तारी उसे ‘मोस्ट वांटेड’ अपराधियों की सूची में शामिल किए जाने के कुछ ही दिनों बाद हुई है। एफबीआई ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि नीतीश कौशल को वरमोंट में गिरफ्तार कर लिया गया है। भारतीय नागरिक कौशल ने कथित तौर पर भगवानपुरिया संगठित अपराध गिरोह के लिए हिंसा की घटनाओं को अंजाम दिया, जिनमें अपहरण और मारपीट जैसे मामले शामिल थे। एजेंसी ने मंगलवार को कौशल को अपनी ‘मोस्ट वांटेड’ सूची में शामिल किया था। एफबीआई कौशल की तलाश में थी, क्योंकि उस पर कथित तौर पर एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन से जुड़े होने का आरोप था जो हत्या, अपहरण, मादक पदार्थों की तस्करी, वसूली, हथियारों की तस्करी, धन शोधन और मानव तस्करी जैसे अपराधों में शामिल था। ‘जग्गू भगवानपुरिया संगठित अपराध समूह’ भारत के पंजाब राज्य में शुरू हुआ था और कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट और अन्य जगहों पर काम करता था। कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की अमेरिकी जिला अदालत, लॉस एंजिलिस ने 25 जून को कौशल के खिलाफ संगठित अपराध और भ्रष्ट संगठनों से संबंधित कानून के तहत आपराधिक षडयंत्र रचने का आरोप लगाया गया था।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in