

यरुशलम : इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने शनिवार रात विपक्षी नेता और पूर्व सैन्य प्रमुख गादी आइजेनकोट को नई सरकार बनाने के लिए गठबंधन तैयार करने का पहला मौका दिया। 27 अक्टूबर को हुए चुनाव के बाद यह फैसला लिया गया है। आइजेनकोट के पास बहुमत जुटाने और सरकार बनाने के लिए छह सप्ताह का समय है।चुनाव में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनके सहयोगी बहुमत हासिल करने में नाकाम रहे। हालांकि, आइजेनकोट के नेतृत्व वाले गठबंधन को भी स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। ऐसे में अरब नेतृत्व वाले दलों की भूमिका निर्णायक हो सकती है। आइजेनकोट ने इन दलों के बाहरी समर्थन से अल्पमत सरकार बनाने की संभावना भी खुली रखी है। हालांकि, उनके गठबंधन के कुछ सहयोगियों ने इस विकल्प का विरोध किया है। वहीं, नेतन्याहू अरब दलों के समर्थन से सरकार बनाने की किसी भी कोशिश का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने आइजेनकोट और इन दलों के बीच गठबंधन की संभावना पर सवाल उठाए हैं। राष्ट्रपति की घोषणा से पहले नेतन्याहू ने वीडियो संदेश जारी कर राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने की अपील भी की थी। गहरे राजनीतिक मतभेदों और बहुमत के लिए जरूरी समर्थन की कमी के कारण आइजेनकोट के सामने सरकार गठन की राह चुनौतीपूर्ण है।