

लंदन : पेरिस का प्रतिष्ठित एफिल टावर कर्मचारियों के विरोध के कारण सोमवार को बंद कर दिया गया। कर्मचारियों ने एक हिंदू धार्मिक समूह के दौरे के समय महिला कर्मचारियों को उनके कार्यस्थल से अलग रखे जाने के विरोध में काम बंद कर दिया था। यह घटना शनिवार को हुई, जब बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था (बीएपीएस) से जुड़े करीब 100 लोगों ने एफिल टावर का दौरा किया था। श्रमिक संगठन की एक प्रतिनिधि डायने डावोइन ने बताया कि शनिवार को प्रतिनिधिमंडल के दौरे के दौरान महिला कर्मचारियों को उनके कार्यस्थलों से हटा दिया गया था, ताकि प्रतिनिधिमंडल वहां से गुजर सके। एफिल टावर के कर्मचारियों ने एक बयान जारी कर उन पेशेवर निर्देशों की निंदा की, जिनके कारण महिला कर्मचारियों को उनकी लैंगिक पहचान के आधार पर कार्यस्थल से अलग रखा गया तथा उनकी जगह दूसरे कर्मचारियों को लाया गया। एफिल टावर का संचालन करने वाली कंपनी सीईटीई ने स्वीकार किया है कि हिंदू प्रतिनिधिमंडल ने अनुरोध किया था कि उसके दौरे का आयोजन इस तरह किया जाए कि महिलाओं के साथ बातचीत को यथासंभव सीमित रखा जा सके। कंपनी ने कहा कि इन शर्तों को स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए था। इस बीच, पेरिस स्थित बीएपीएस हिंदू मंदिर ने इससे हुई पीड़ा या असुविधा के लिए माफी मांगते हुए एक बयान जारी किया है।