आइजेनकोट को डेमोक्रेट्स का साथ, सरकार गठन को बल

सरकार गठन के लिए छह दिसंबर तक का समय
Democrats support Eisenkot, boosting government formation
गादी आइजेनकोट
Published on: 

यरुशलम : इजराइल में नई सरकार के गठन की कोशिशों में विपक्षी नेता गादी आइजेनकोट को बड़ी सफलता मिली है। उनकी पार्टी ‘याशर’ ने यायर गोलान की ‘डेमोक्रेट्स’ पार्टी के साथ गठबंधन समझौते पर सहमति जताई। इससे आइजेनकोट को संसद में बहुमत जुटाने की कोशिशों में मजबूती मिली है। हालांकि, सरकार बनाने के लिए जरूरी 61 सीटों का आंकड़ा हासिल करने के लिए उन्हें अभी अन्य दलों का समर्थन जुटाना होगा। उनके पास छह दिसंबर तक का समय है।

डेमोक्रेट्स को मिलेंगे चार मंत्रालय

दोनों दलों ने संयुक्त बयान में गठबंधन समझौते की घोषणा की। इसके तहत डेमोक्रेट्स को चार मंत्रालय मिलेंगे। इनमें विस्तारित राष्ट्रीय सुरक्षा, श्रम एवं कल्याण, संचार तथा संस्कृति एवं खेल मंत्रालय शामिल हैं। संस्कृति एवं खेल मंत्रालय के तहत लोकतंत्र निदेशालय भी बनाया जाएगा। पार्टी सामाजिक समानता मंत्रालय की जिम्मेदारी भी संभालेगी, जिसे मंत्रालयों की संख्या घटाने के लिए दूसरे विभाग में मिलाया जा सकता है। यह समझौता गोलान द्वारा दो दिन पहले बातचीत रोकने के बाद हुआ है। उन्होंने नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के साथ याशर की समानांतर बातचीत पर आपत्ति जताई थी।

यूटीजे के साथ बातचीत की उम्मीद

इस बीच, अति-रूढ़िवादी दल यूनाइटेड टोरा जूडिज्म (यूटीजे) के घटक दल डेगेल हातोरा के रब्बी नेताओं ने आइजेनकोट के साथ आधिकारिक गठबंधन वार्ता शुरू करने को मंजूरी दे दी है। इससे उन्हें बहुमत जुटाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, अभी पूरे यूटीजे की सहमति मिलना बाकी है। आइजेनकोट नफ्ताली बेनेट की ‘बी'याहद’ पार्टी से भी बातचीत कर रहे हैं।

बहुमत के लिए अभी 25 सीटें जरूरी

आइजेनकोट को अविग्दोर लिबरमैन की ‘इजराइल बेतेनु’ और डेमोक्रेट्स के साथ समझौते से अपनी पार्टी याशर सहित कुल 36 सीटों का समर्थन मिल चुका है। 120 सदस्यीय संसद में सरकार बनाने के लिए 61 सीटें जरूरी हैं। ऐसे में उन्हें अभी 25 और सीटों की जरूरत है। इसके लिए यूटीजे, बेनेट की पार्टी और अरब दल राम के समर्थन पर नजर है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News