

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी ने एक सरकारी अस्पताल में अधिकारियों की लगातार लापरवाही की निंदा की है और आरोप लगाया कि हृदय संबंधी जटिलताओं के संभावित खतरे को लेकर हृदयरोग विशेषज्ञों की चिंता के बावजूद खान की सीटी कोरोनरी एंजियोग्राफी (सीटीए) नहीं कराई गई। पार्टी ने खान को तत्काल शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाकर यह जांच कराने की मांग की है। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के केंद्रीय सूचना सचिव शेख वकास अकरम ने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान आयुर्विज्ञान चिकित्सा संस्थान (पीआईएमएस) में सीटी स्कैन की मशीन उपलब्ध और चालू होने के बावजूद अधिकारियों ने खान की चिकित्सकीय रूप से जरूरी जांच नहीं कराई। खान को शुक्रवार को आंख के इलाज और कुछ अन्य चिकित्सकीय जांचों के लिए पीआईएमएस ले जाया गया था। चिकित्सकों ने उनके हृदय की सीटीए कराने की कथित तौर पर सलाह दी, लेकिन अस्पताल अधिकारियों ने कहा कि इसके लिए जरूरी सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके बाद बिना जांच किए खान को वापस अदियाला जेल भेज दिया गया।