

काठमांडू : नेपाल में विनाशकारी फ्लैश बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,344 हो गई है। प्रभावित इलाकों से लगातार शव बरामद किए जा रहे हैं, जबकि हजारों लोग अब भी लापता हैं। नेपाल पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक कुल 843 शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें 758 वयस्क और 85 बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित इलाकों से 501 अंग-विच्छेदित शव भी बरामद किए गए हैं। शनिवार को और शव मिलने के बाद फ्लैश बाढ़ में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 1,344 हो गई है। नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को हुए बर्फ और चट्टानों के हिमस्खलन के बाद अचानक आई बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कई कस्बों तथा गांवों में भारी तबाही मचाई थी। इस आपदा में बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, अब तक 1,030 शवों को निर्धारित नियमों के तहत अस्थायी रूप से जमीन में दफनाया जा चुका है। इस प्रक्रिया में शवों के डीएनए नमूने भी सुरक्षित किए जा रहे हैं, ताकि बाद में उनकी पहचान की जा सके। नेपाल सेना के नेतृत्व में संयुक्त बचाव दल शनिवार को 11वें दिन भी प्रभावित क्षेत्रों में तलाशी और बचाव अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अब भी करीब 4,898 लोग लापता बताए जा रहे हैं।