

वाशिंगटन : वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने मिलवॉकी में जी20 व्यापार मंत्रिस्तरीय बैठक से इतर अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर से मुलाकात की। यह बैठक भारत और अमेरिका के बीच एक “संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी” व्यापार समझौते तक पहुंचने के जारी प्रयासों का हिस्सा थी। यह मुलाकात ऐसे समय हुई जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फोन पर बातचीत कर व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों और आपसी हित के अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की। अमेरिका की यात्रा से पहले वाणिज्य मंत्रालय ने कहा था कि गोयल अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ग्रीर के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। फरवरी में भारत और अमेरिका ने द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के लिए रूपरेखा को अंतिम रूप देने की घोषणा की थी। हालांकि, अमेरिका की शुल्क नीति में हुए बदलावों के कारण इस समझौते को लेकर बातचीत जारी रही। अमेरिकी बाजार में भारत के प्रमुख प्रतिस्पर्धियों में आसियान देश, चीन और बांग्लादेश शामिल हैं।