

ढाका : बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की 16 दिसंबर को प्रस्तावित वापसी से पहले उनकी पार्टी अवामी लीग के समर्थकों ने सड़कों पर लामबंदी तेज कर दी है। देश के कई इलाकों में स्वागत जुलूस, मशाल मार्च और विरोध प्रदर्शन किये जा रहे हैं। पाबना, तुंगीपाड़ा, गफरगांव, मुक्तागाछा और कालीकैर में पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर हसीना के समर्थन में नारे लगा रहे हैं। प्रतिबंध के बावजूद पार्टी अपनी सांगठनिक ताकत दिखाने की कोशिश कर रही है। प्रदर्शनों में समर्थक पार्टी के झंडे, बैनर और तख्तियां लेकर मार्च कर रहे हैं। कुछ जगहों पर रात में मशाल जुलूस भी निकाले गये। हसीना की वापसी के समर्थन में स्थानीय इकाइयां लगातार कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं। यह लामबंदी अब उनके पारंपरिक गढ़ गोपालगंज से बाहर भी फैल रही है।