ब्रिटेन में भारतीय प्रवासियों की अलग-अलग कहानियों को दर्शाएगा नाटक

लंदन में भारतीय प्रवासियों की पहचान और अपनेपन की कहानी कह रहा नाटक ‘Are You Even Indian?’
ब्रिटेन में भारतीय प्रवासियों की अलग-अलग कहानियों को दर्शाएगा नाटक
Published on: 

ब्रिटेन में भारतीय प्रवासियों के अलग-अलग अनुभवों और पहचान की जद्दोजहद को दर्शाने वाला नया नाटक ‘Are You Even Indian?’ इन दिनों लंदन में चर्चा का विषय बना हुआ है। अभिनेता, नर्तक और लेखक मोहित माथुर की इस थिएटर प्रस्तुति में प्रेम, परिवार और सांस्कृतिक पहचान के बीच फंसे भारतीय मूल के लोगों की कहानी दिखाई गई है।

न्यूरोडाइवर्जेंट कलाकार माथुर ने लंदन आने के बाद अपने निजी अनुभवों से प्रेरित होकर इस नाटक को लिखा और इसकी कोरियोग्राफी तैयार की। कहानी में ब्रिटेन में जन्मी एक भारतीय मूल की महिला और भारत में जन्मे एक पुरुष को दिखाया गया है, जो एक-दूसरे से प्रेम करने लगते हैं। शादी के डांस, बॉलीवुड से जुड़े हास्य प्रसंगों और रोजमर्रा की परिस्थितियों के जरिए दोनों के अलग-अलग जीवन अनुभव सामने आते हैं।

माथुर ने कहा कि भारत से ब्रिटेन आने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि एक ही संस्कृति से जुड़े पहली और दूसरी पीढ़ी के प्रवासियों के लिए भी अपनेपन का अनुभव अलग-अलग हो सकता है। नाटक में एक ही भारतीय विरासत साझा करने वाले, लेकिन अलग परिवेश में पले-बढ़े इस जोड़े को दो संस्कृतियों के बीच अपनी पहचान और रिश्ते को समझने की कोशिश करते दिखाया गया है।

माथुर के मुताबिक, नाटक कुछ अहम सवाल उठाता है—जब एक देश आपको बहुत ज्यादा भारतीय मानता है और दूसरा पर्याप्त भारतीय नहीं, तो आप अपना घर कहां तलाशते हैं? दो संस्कृतियों के बीच रहते हुए घर और पहचान का अर्थ क्या रह जाता है? उनके अनुसार, यह प्रेम कहानी सिर्फ एक-दूसरे के सामने अपनी पहचान साबित करने की नहीं, बल्कि पूरे समुदाय के बीच अपनी जगह तलाशने की भी कहानी है।

यह प्रस्तुति एक सामुदायिक सह-निर्माण परियोजना का नतीजा है। इसके लिए लीसेस्टर, बर्मिंघम और वॉल्वरहैम्प्टन में स्थानीय समुदायों के सदस्यों के साथ कार्यशालाएं और बातचीत आयोजित की गईं। इन शहरों में भारतीय मूल के प्रवासियों की बड़ी आबादी है। इस दौरान ‘घर’ और पहचान जैसे विषयों पर लोगों के अनुभवों को समझा गया और उन्हें नाटक का हिस्सा बनाया गया।

मोहित माथुर इससे पहले वेस्ट एंड के नाटक ‘लाइफ ऑफ पाई’, लंदन पैलेडियम के ‘बियॉन्ड बॉलीवुड’ और ‘कम फॉल इन लव – द DDLJ म्यूजिकल’ के ब्रिटिश प्रीमियर से जुड़े रहे हैं। उन्होंने एकल नाटक ‘डायल 1 फॉर यूके’ से शुरुआत की थी, जिसमें ब्रिटेन जाने के सपने और वहां की वास्तविकता के बीच के अंतर को दिखाया गया। इस नाटक का भारत, ब्रिटेन और कनाडा में मंचन हो चुका है।

‘Are You Even Indian?’ ने पिछले साल रिवरसाइड स्टूडियोज के ‘बाइटसाइज फेस्टिवल’ में सर्वश्रेष्ठ शो का पुरस्कार जीता था और इसे सर्वश्रेष्ठ नए लेखन की श्रेणी में भी शॉर्टलिस्ट किया गया था। इस सप्ताहांत लंदन के रिवरसाइड स्टूडियोज में इसका मंचन हो रहा है। लंदन के प्रदर्शन के बाद अगले साल यह नाटक ब्रिटेन के विभिन्न शहरों के दौरे पर जाएगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News