

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम -- अंडमान तथा निकोबार द्वीपसमूह में अगले सात दिनों तक भारी वर्षा, गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए आपदा प्रबंधन निदेशालय के राज्य नियंत्रण कक्ष ने मौसम संबंधी चेतावनी जारी की है। 11 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजकर 5 मिनट पर जारी इस चेतावनी के अनुसार भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, कोलकाता ने आगामी सात दिनों के लिए तथा श्री विजय पुरम के शादिपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने किसानों के लिए अगले पांच दिनों का विशेष पूर्वानुमान जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार 12 से 15 नवंबर तक अंडमान तथा निकोबार द्वीपसमूह के एक या दो स्थानों पर 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी वर्षा होने की बहुत अधिक संभावना है। इस दौरान गरज के साथ बिजली चमकने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है। वहीं, 16 और 17 नवंबर को द्वीपसमूह के एक या दो स्थानों पर गरज के साथ बिजली चमकने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इस बीच, समुद्र में खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है। 12 से 15 नवंबर तक अंडमान तथा निकोबार के समुद्री तटों और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज और झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। कुछ समय के लिए इनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसे देखते हुए मछुआरों को 12 से 15 नवंबर तक समुद्र में मछली पकड़ने के लिए नहीं जाने की सख्त सलाह दी गई है।
इसके अतिरिक्त निकोबार के इंदिरा प्वाइंट सहित अंडमान तथा निकोबार के समुद्री तटों के लिए समुद्री लहरों में असामान्य उछाल की चेतावनी भी जारी की गई है।
वहीं, किसानों के लिए जारी चेतावनी के अनुसार 12 से 15 नवंबर तक द्वीपसमूह में 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी वर्षा होने के साथ गरज, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान कृषि गतिविधियों में लगे लोगों को मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने की आवश्यकता है।
आपदा प्रबंधन निदेशालय द्वारा जारी पूर्वानुमान में अगले दो दिनों के लिए मौसम की स्थिति में विशेष बदलाव नहीं होने की संभावना व्यक्त की गई है। प्रशासन ने मछुआरों, किसानों, नौका संचालकों तथा आम नागरिकों से मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेने और किसी भी प्रकार की जोखिमपूर्ण गतिविधि से बचने की अपील की है। विशेष रूप से मछुआरों को मौसम सामान्य होने तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।