

कोलंबो : श्रीलंका सरकार ने 1983 में हुए तमिल विरोधी दंगों और उनके प्रभावों की समीक्षा के लिए 11 सदस्यीय संसदीय समिति गठित की है। संसद अध्यक्ष जगत विक्रमारत्न ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। महिला मामलों की मंत्री सावित्री पॉलराज की अध्यक्षता वाली समिति दंगों के पीड़ितों के लिए मुआवजे और राहत के उपाय सुझाएगी। इसमें तमिल समुदाय के दो विपक्षी सांसद भी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि 23 से 30 जुलाई 1983 के बीच हुए 'ब्लैक जुलाई' दंगों में करीब 3,000 तमिल मारे गए थे। लिट्टे (लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम) द्वारा उत्तर श्रीलंका में 13 सैनिकों की हत्या के बाद देशभर में हिंसा भड़क उठी थी। समिति राष्ट्रीय सुलह को बढ़ावा देने के उपाय भी सुझाएगी। लिट्टे ने अलग तमिल राष्ट्र की मांग को लेकर दशकों तक देश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में समानांतर प्रशासन चलाया था। श्रीलंकाई सेना ने 18 मई 2009 को लिट्टे पर जीत की घोषणा की थी।