पेरिस में पोप लियो की सभा में उमड़ी 8 लाख की भीड़

पेरिस के ऐतिहासिक प्लास द ला कॉनकॉर्ड में हुई सभा
A crowd of 800,000 gathered for Pope Leo's assembly in Paris
लोगों का अभिवादन करते पोप लियो
Published on: 

पेरिस : पोप लियो 14वें की खुले में आयोजित प्रार्थना सभा में शनिवार को करीब आठ लाख लोग जुटे। पेरिस के ऐतिहासिक प्लास द ला कॉनकॉर्ड में हुई सभा के लिए वेटिकन के मुताबिक, पहले से पंजीकृत लोगों की संख्या से करीब दो लाख अधिक लोग पहुंचे। पोप ने पॉपमोबाइल से करीब दो किलोमीटर लंबे मार्ग पर लोगों का अभिवादन किया। हाथों में झंडे लिए लोगों ने उनका उत्साह के साथ स्वागत किया। अपने संबोधन में पोप ने लोगों से अपनी आस्था को खुद तक सीमित न रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पेरिस से वह प्रार्थना करते हैं कि पवित्र आत्मा का ‘जीवंत जल’ पूरे फ्रांस में प्रवाहित हो।

पोप की चार दिवसीय फ्रांस यात्रा शुक्रवार को शुरू हुई। उन्होंने 2019 में आग से क्षतिग्रस्त नोट्र-डाम गिरजाघर के पुनर्निर्माण के बाद वहां पहली बार प्रार्थना की। शनिवार को कैथोलिक इंस्टीट्यूट ऑफ पेरिस में उन्होंने फ्रांस में धर्म की ओर लौट रहे लोगों की बढ़ती संख्या का भी उल्लेख किया।

फ्रांस में वयस्क बपतिस्मा लेने वालों की संख्या 2016 के बाद से तीन गुना बढ़कर इस साल करीब 13 हजार हो गई है। हालांकि, कुल मिलाकर देश में कैथोलिक धर्म के अनुयायियों और धार्मिक गतिविधियों में लंबे समय से गिरावट दर्ज की जा रही है। वर्ष 1980 में फ्रांस में 5.13 लाख बपतिस्मा हुए थे, जबकि 2024 में यह संख्या 1.86 लाख रह गई।

सभा में गैर-कैथोलिक लोग भी शामिल हुए। पेरिस के 40 वर्षीय उद्यमी थियरी चेन ने कहा कि पोप का संदेश शांति, एकता और मानवता के साझा मूल्यों पर केंद्रित है।

प्लास द ला कॉनकॉर्ड फ्रांस के इतिहास से जुड़ा प्रमुख स्थल है। फ्रांसीसी क्रांति के दौरान यहां राजा लुई 16वें और रानी मैरी एंत्वानेत को गिलोटिन से मृत्युदंड दिया गया था। आयोजकों के अनुसार, मध्य पेरिस में इतनी बड़ी सभा के लिए यही एकमात्र उपयुक्त स्थान था।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in