पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल ने रात भर में प्रमुख बुनियादी ढांचा उन्नयन कार्य पूरा किया

पूर्व रेलवे के  सियालदह मंडल ने रात भर में प्रमुख बुनियादी ढांचा उन्नयन कार्य पूरा किया
Published on: 

कोलकाता : 26–27 सितंबर, 2026 की मध्यरात्रि के दौरान, पूर्व रेलवे ने समग्र ट्रैक सुरक्षा और ट्रेन परिचालन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ट्रैफिक तथा ओवरहेड उपकरणों के रखरखाव से संबंधित दो प्रमुख ब्लॉक सफलतापूर्वक पूरे किए। पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक सुश्री गीतिका पाण्डेय के मार्गदर्शन में रखरखाव टीमों ने नियमित यात्री सेवाओं में न्यूनतम व्यवधान सुनिश्चित करने के लिए मध्यरात्रि के दौरान महत्वपूर्ण ट्रैक्शन और ट्रैक नवीनीकरण कार्य किए।

00:25 बजे से 05:00 बजे के बीच, ट्रैक्शन वितरण टीमों ने डाउन लाइन पर बालीगंज–सोनामुखी तथा सोनारपुर–फीडिंग पोस्ट के बीच कार्य किया। इस ब्लॉक के दौरान 1,500 मीटर (एक पूर्ण टेंशन लेंथ) पुराने संपर्क तार को बदला गया। इसके अलावा, अन-इंसुलेटेड ओवरलैप के चार ‘G’ जंपर्स को नए तार पर स्थानांतरित किया गया, चार इंसुलेटर सहित दो जंग लगे संपर्क तार बदले गए, 24 कॉन्टैक्ट लाइन लोड स्थानांतरित किए गए तथा पूरी टेंशन लेंथ में 24 नई सैडल प्लेटें लगाई गईं।

इसी दौरान, सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री राजीव सक्सेना के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में सियालदह (दक्षिण) में महत्वपूर्ण ट्रैक आधुनिकीकरण कार्य पूरा किया गया। प्वाइंट संख्या 36/A और 33 को 52 किलोग्राम से आधुनिक 60 किलोग्राम थिक वेब स्विच में आवश्यक फिटिंग्स के साथ परिवर्तित किया गया।

शैडो ब्लॉक के दौरान समानांतर रूप से कार्य करते हुए इंजीनियरों ने 188.365 मीटर 60 किलोग्राम रेल का नवीनीकरण किया। दो प्वाइंट मशीनों को पारंपरिक आईआरएस टाइप से आधुनिक टिडब्ल्यूएस में परिवर्तित किया गया, जिसमें नए ग्राउंड फिटिंग्स, क्रॉस-प्रोटेक्शन वायरिंग और पूर्ण कॉरस्पॉन्डेंस टेस्टिंग की गई। अतिरिक्त सुरक्षा उपायों के तहत 6 ग्लूड इंसुलेटेड जॉइंट और 8 ट्रैक जंपर भी बदले गए।

इस रातभर चले कार्य की सफलता पर टिप्पणी करते हुए पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझि ने कहा- “ये नियोजित रात्रिकालीन उन्नयन कार्य पूर्व रेलवे की बुनियादी ढांचे को लगातार आधुनिक बनाने, ट्रेनों की गति में सुधार करने तथा प्रत्येक यात्री के लिए निर्बाध और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हैं।”

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in