कोलकाता : प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर के नेतृत्व में शनिवार को पूर्व रेलवे में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पाण्डेय, हावड़ा मंडल के डीआरएम विशाल कपूर, सियालदह मंडल के डीआरएम राजीव सक्सेना समेत मुख्यालय एवं दोनों मंडलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में हावड़ा और सियालदह मंडलों के साथ पूर्व रेलवे में चल रही विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और उन्नयन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गयी। अधिकारियों ने परियोजनाओं में तेजी लाने के साथ यात्री सुविधाओं के विस्तार और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने पर जोर दिया।
बैठक के बाद तरुण कपूर ने गीतिका पाण्डेय, विशाल कपूर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ डानकुनि स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी। स्टेशन के बुकिंग काउंटर, ‘वन स्टेशन वन प्रोडक्ट’ स्टॉल और परिचालन व्यवस्था से जुड़े लेआउट का भी जायजा लिया गया।
पूर्व रेलवे के अनुसार, डानकुनि स्टेशन के समग्र पुनर्विकास पर करीब 18.66 करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे हैं। अब तक मुख्य स्टेशन भवन के भूतल, भवन के अग्रभाग के नवीनीकरण एवं निर्माण सहित कई कार्य पूरे हो चुके हैं। इसके अलावा सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग क्षेत्र का विकास, प्लेटफॉर्म सतह, प्लेटफॉर्म शेड, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा ट्रेन सूचना एवं जीपीएस घड़ी प्रणाली से जुड़े कार्य भी पूरे किये गये हैं।
डानकुनि एक SG-3 श्रेणी का स्टेशन है और ऐतिहासिक हावड़ा-बर्द्धमान कॉर्ड लाइन पर स्थित है। इस रेल लाइन का निर्माण 1917 में हुआ था। स्टेशन से प्रतिदिन औसतन 30 हजार से अधिक यात्रियों का आवागमन होता है। हावड़ा और सियालदह दोनों से बेहतर रेल संपर्क के कारण डानकुनि कोलकाता महानगरीय क्षेत्र के महत्वपूर्ण इंटरसिटी रेल केंद्रों में शामिल है।
पूर्व रेलवे का कहना है कि स्टेशन पुनर्विकास और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कर यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।