दुर्गापूजा से पहले हावड़ा की जर्जर सड़कों की मरम्मत शुरू, मंत्री ने की पूजा

जेएन मुखर्जी रोड, चाड़ा, नस्करपाड़ा रोड व अरविंद रोड पर लोगों को राहत की उम्मीद 25 करोड़ की लागत से रोड की मरम्मत शुरू, पूजा के बाद भी कई रोड के होंगे निर्माण
दुर्गापूजा से पहले हावड़ा की जर्जर सड़कों की मरम्मत शुरू, मंत्री ने की पूजा
Published on: 

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : दुर्गापूजा से पहले हावड़ा की जर्जर सड़कों को दुरुस्त करने की दिशा में हावड़ा नगर निगम की ओर से कदम उठाया गया है। निगम के विभिन्न इलाकों में सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इसे लेकर हावड़ा मैदान इलाके में राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पॉल, उमेश राय, विधायक संजय सिंह, डीएम डॉ. दीपाप प्रिया पाल, निगम की कमिश्नर तेजस्वी राणा समेत अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी की मौजूदगी में विधि विधान से पूजा अर्चना की गयी। दरअसल, हावड़ा में लंबे समय से खराब सड़कों को लेकर लोगों की परेशानी सामने आती रही है। हाल की स्थिति की बात करें तो जे.एन. मुखर्जी रोड, चाड़ा, नस्करपाड़ा रोड व अरिवंद रोड की हालत विशेष रूप से खराब बताई जा रही है। जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी सड़क और असमतल सतह के कारण वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से समस्या और गंभीर हो जाती है। इस बारे में उमेश राय ने बताया कि 25 करोड़ रुपये की लागत से रोड का निर्माण किया जायेगा ताकि पूजा से पहले लोगों को राहत मिल सके। इसके बाद पूजा के उपरांत भी कई रोड को लेकर टेंडर जारी कर दिए गए हैं। इस दौरान संस्थाओं की ओर से रोड निर्माण होगा। वहीं इसकी गारंटी 5 साल की होगी। इस दौरान अगर रोड में खराबी होती है तो मौजूदा संस्था की ओर से रोड को ठीक कराया जायेगा। उम्मीद जताई जा रही थी कि पूजा शुरू होने से पहले प्रमुख सड़कों की मरम्मत पूरी कर दी जाएगी, ताकि दुर्गापूजा के दौरान शहर में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी न हो और श्रद्धालु आसानी से विभिन्न पूजा पंडालों तक पहुंच सकें।


सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in