दुर्गापूजा से पहले हावड़ा नगर निगम चुनाव की तैयारियां तेज

नये 68 वार्डों में 23 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित 30 सितंबर तक राजनीतिक दल दे सकेंगे सुझाव
Howrah Municipal Corporation’s Action Plan: Tackling Waterlogging and Waste Management
हावड़ा नगर निगम में की गयी बैठक
Published on: 

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : दुर्गापूजा से पहले ही हावड़ा नगर निगम चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिला प्रशासन ने नगर निगम के वार्डों के आरक्षण से संबंधित मसौदा सूची जारी कर दी है। हावड़ा के जिलाधिकारी तथा नगर निगम चुनाव के निर्वाचन अधिकारी पी. दीपाप प्रिया की ओर से जारी यह सूची जिलाधिकारी की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। इधर, शुक्रवार से डुमुरजला इंडोर स्टेडियम में ईवीएम भी पहुंचनी शुरू हो गई हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, वार्ड आरक्षण की मसौदा सूची सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है। संबंधित दल 30 सितंबर तक सूची पर अपनी राय और सुझाव दे सकते हैं।

50 से 68 हुए वार्ड

हावड़ा नगर निगम में पहले 50 वार्ड थे। प्रशासन ने इनका पुनर्गठन कर इनकी संख्या बढ़ाकर 68 वार्ड कर दी है। अब इन 68 वार्डों में महिलाओं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षण तय करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। मसौदा सूची के अनुसार, हावड़ा के 23 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। इनमें वार्ड संख्या 1, 4, 7, 10, 13, 16, 19, 22, 25, 28, 31, 34, 38, 41, 44, 47, 50, 53, 56, 59, 62 और 65 शामिल हैं। इसके अलावा वार्ड संख्या 35 को अनुसूचित जाति की महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित किया गया है। वहीं वार्ड संख्या 66 में अनुसूचित जाति वर्ग से पुरुष या महिला उम्मीदवार चुनाव लड़ सकेंगे। डीएम डॉ. दीपाप प्रिया पी ने बताया कि 50 वार्डों को बढ़ाकर पहले ही 68 किया जा चुका है। अब नए वार्ड ढांचे के आधार पर महिला, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर ईवीएम के पहुंचने और आरक्षण की मसौदा सूची जारी होने के साथ ही हावड़ा नगर निगम चुनाव की तैयारियों का सिलसिला तेज होता दिखाई दे रहा है। हालांकि, आरक्षण की मसौदा सूची पर राजनीतिक दलों से प्राप्त सुझावों के बाद अंतिम सूची में बदलाव की संभावना बनी रहेगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in