कोलकाता, 26 सितंबर। दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और कोचों के रखरखाव में सुधार के लिए 12021/12022 हावड़ा–बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस के रैक का व्यापक उन्नयन किया है। दैनिक रूप से चलने वाली यह ट्रेन हावड़ा को झारखंड और उत्तरी ओडिशा के औद्योगिक एवं खनिज क्षेत्र से जोड़ती है।
उन्नयन के तहत कोचों के अंदरूनी हिस्सों में कई बदलाव किए गए हैं। सीटों की अपहोल्स्ट्री बदली गई है, खराब आर्मरेस्ट और रिक्लाइनर को बदला गया है। सेंटर टेबल, स्नैक ट्रे, छत और लगेज रैक की भी मरम्मत व नवीनीकरण किया गया है। क्षतिग्रस्त खिड़की फिटिंग और रोलर ब्लाइंड्स को भी बदला गया है।
गैर-वातानुकूलित कोचों में नए पंखे, एलईडी लाइट और चार्जिंग सॉकेट लगाए गए हैं। वहीं, एसी कोचों में बेहतर रीडिंग लाइट के साथ चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। कोचों के अंदर अन्य जरूरी सुधार भी किए गए हैं।
यात्रियों की सुविधा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए शौचालयों में भी सुधार किया गया है। इनमें नई फ्लोरिंग, बेहतर पानी की फिटिंग, अंदरूनी हिस्सों का नवीनीकरण और हाइजीन मैट शामिल हैं।
कोचों के बाहरी हिस्से में भी पीयू पेंटिंग की गयी है। जंग से प्रभावित हिस्सों का उपचार करने के साथ दरवाजों और खिड़कियों की मरम्मत की गई है। कोच एवं गंतव्य से संबंधित संकेतक बोर्डों को भी बेहतर किया गया है।
दक्षिण पूर्व रेलवे के अनुसार, व्यापक उन्नयन का उद्देश्य इस व्यस्त दैनिक ट्रेन सेवा को अधिक स्वच्छ, बेहतर रखरखाव वाला और यात्रियों के लिए अधिक आरामदायक बनाना है।