हावड़ा में अवैध निर्माण पर कसेगा शिकंजा

21 मई को विधायकों संग बैठक करेंगे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
कांथी
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा में लगातार बढ़ रहे अवैध निर्माणों को लेकर अब मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सख्त रुख अपनाने जा रहे हैं। प्रशासन इन अवैध निर्माणों पर शिकंजा कसने की तैयारी में जुट गया है। इसी मुद्दे को लेकर आगामी 21 मई को एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक आयोजित की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, हावड़ा के विकास और शहरी समस्याओं पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री विशेष बैठक करेंगे, जिसमें जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ भाजपा विधायक भी मौजूद रहेंगे। बैठक में अवैध निर्माण, जलजमाव, कूड़ा सफाई, पेयजल संकट तथा शहर के बुनियादी ढांचे से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। माना जा रहा है कि इसी बैठक से हावड़ा के विकास की आगामी रूपरेखा तय की जाएगी। उसी दिन मुख्यमंत्री के बेलूड़ मठ जाने का भी कार्यक्रम है। उत्तर हावड़ा के भाजपा विधायक उमेश राय ने कहा कि लोगों की सुरक्षा और शहर के योजनाबद्ध विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बैठक में जलजमाव और अवैध निर्माण मुख्य मुद्दे होंगे। हावड़ा नगर निगम के बिल्डिंग विभाग के इंजीनियरों के अनुसार, कोलकाता की तर्ज पर हावड़ा में भी बड़ी संख्या में अवैध इमारतें खड़ी हो चुकी हैं। जिन इलाकों में तीन मंजिला भवन की अनुमति है, वहां नियमों को ताक पर रखकर पांच से छह मंजिला इमारतें बना दी गई हैं। बाली, बेलूड़, लिलुआ, सलकिया, पिलखाना, शिवपुर, कदमतल्ला और दासनगर समेत उत्तर और मध्य हावड़ा के कई इलाकों में ऐसे निर्माण तेजी से बढ़े हैं। अधिकारियों के मुताबिक अनियंत्रित निर्माण के कारण जलनिकासी व्यवस्था प्रभावित हुई है और आग लगने की घटनाओं का खतरा भी बढ़ा है। प्रशासनिक स्तर पर अब बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी उठने लगी है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in