Kolkata की खराब सड़कों से परेशान है आम जनता

Published on: 

मेयर ने कहा – बारिश का मौसम समाप्त होते ही शुरू होगा मरम्मत कार्य
दुर्गापूजा से पहले होंगी सड़कें तैयार
कोलकाता : महानगर की जर्जर व खराब सड़कों के कारण वाहन चालकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहीं सड़कों पर गड्ढे हैं तो कहीं पाइप लाइन के काम के कारण सड़कों की स्थिति बद से बदतर हो गयी है। ऐसे में इन गड्ढों वाली सड़कों की हालत ऐसी बन चुकी है कि सावधानी हटी तो दुर्घटना घटी। इसी तरह खराब सड़कों की शिकायत टॉक टू मेयर में भी मिल रही है। इसे लेकर मेयर फिरहाद हकीम ने कहा कि कुछ जगहों पर पाइप लाइन के काम के कारण तो कुछ जगहाें पर गड्ढों के कारण सड़कों की स्थिति बेहद खराब है, इसकी जानकारी कोलकाता ट्रैफिक पुलिस की ओर से केएमसी को दी गयी है। रोड विभाग के अधिकारी जल्द ही सूची में दर्ज सड़कों का निरीक्षण कर बारिश का मौसम समाप्त होते ही इसकी मरम्मत का काम शुरू कर देंगे। दुर्गापूजा से पहले इन खराब सड़कों को तैयार कर दिया जायेगा।
बारिश के कारण तेजी से नहीं हो पा रहा है मरम्मत कार्य
बारिश के कारण खराब हुई सड़कों की मरम्मत का काम तेज गति से नहीं हो पा रहा है। रोड विभाग की ओर से भी कहा गया है कि बारिश के कारण मरम्मत के काम में फिलहाल बेक्र लगा है लेकिन मौसम के साफ होते ही कुछ-कुछ स्थानों पर पैच वर्क किये जा रहे हैं। दुर्गापूजा से पहले महानगर की सभी खराब सड़कों की मरम्मत कर दी जायेगी। फिलहाल महानगर के काशीपुर, चिड़ियामोड़, बागबाजार, पार्क सर्कस 4 नम्बर ब्रिज, बड़ाबाजार में कालीकृष्ण टैगोर स्ट्रीट, पातीपुकुर रोड समेत अन्य सड़कें खराब स्थिति में हैं।
ओवरलोड गाड़ियां भी कर रही हैं सड़काें को खराब
काशीपुर के लोगों ने कहा कि यह सड़क हर साल खराब होती है। हर बार रखरखाव के नाम पर खानापूर्ति की जाती है। वहीं इस रोड पर ओवरलोड लॉरी के गुजरने से भी सड़क की हालत खराब हो रही है। उक्त सड़क पर गड्ढे बढ़ने, सड़क पर दरार आने और फिलहाल पाइन लाइन के काम के कारण सड़कों के एक ओर मलबों के जमने से वाहन असंतुलित हो रहे हैं। इससे आये दिन बाइक चालक समेत वाहन दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। इसी तरह पार्क सर्कस 4 नम्बर ब्रिज के पास भी सड़कों की हालत बेहद खराब है, जहां वाहन चालकों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
4 करोड़ रुपये किये गये हैं आवंटित
केएमसी सूत्रों के मुताबिक पूजा से पहले शहर की कुछ सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए नगर निगम की ओर से 4 करोड़ रुपये आवंटित किये गये हैं। मालूम हो कि इससे बड़ाबाजार में कालीकृष्ण टैगोर स्ट्रीट और उत्तर कोलकाता के काशीपुर रोड के एक हिस्से के नवीनीकरण के साथ अन्य खराब सड़कों की मरम्मत की जाएगी। पिछले कुछ महीनों से यह सड़कें काफी खराब स्थिति में हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in