मेट्रो निर्माण के अंतिम चरण के लिए 120 घंटे बंद रहेगा चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर

गौर किशोर घोष मेट्रो स्टेशन को मेट्रो कॉरिडोर के गार्डर से जोड़ने के लिए फ्लाईओवर पर भारी गार्डर होंगे स्थापित
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कवि सुभाष–कोलकाता एयरपोर्ट मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण कार्य के अंतिम चरण के तहत चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर को दो चरणों में बंद रखा जाएगा। शुक्रवार की रात से काम शुरू किया गया है। इस दौरान गौर किशोर घोष मेट्रो स्टेशन को मेट्रो कॉरिडोर के गार्डर से जोड़ने के लिए फ्लाईओवर पर भारी गार्डर स्थापित किए जाएंगे। इसी कारण यातायात सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोलकाता ट्रैफिक पुलिस ने फ्लाईओवर को अस्थायी रूप से बंद रखने की अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना के अनुसार, पहले चरण में फ्लाईओवर 26 जून की रात 8 बजे से 29 जून की रात 8 बजे तक रहेगा। वहीं दूसरे चरण में 3 जुलाई की रात 8 बजे से 6 जुलाई की सुबह 8 बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। जानकारी के मुताबिक, ऑरेंज लाइन (कवि सुभाष–एयरपोर्ट मेट्रो कॉरिडोर) के अंतर्गत सुकांत नगर के पास विश्व बांग्ला सरणी पर मेट्रो की पिलर संख्या 326 और 327 के बीच अंतिम गार्डर लगाने का कार्य किया जाएगा। इस परियोजना का निर्माण कार्य रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) की देखरेख में चल रहा है। कोलकाता पुलिस की ओर से जारी ट्रैफिक एडवाइजरी में कहा गया है कि चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर का उपयोग करने वाले उत्तरमुखी वाहनों को बेलियाघाटा मेन रोड और ईएम बाईपास जंक्शन से ब्रॉडवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यात्रियों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने और अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करने की अपील की गई है। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने हाल ही में बजट में चिंगड़ीघाटा क्षेत्र की लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या को देखते हुए लगभग 900 करोड़ रुपये की लागत से 7.41 किलोमीटर लंबे चिंगड़ीघाटा–न्यूटाउन एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद ईएम बाईपास, सेक्टर-5 और न्यूटाउन के बीच यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in