

अभिनेत्री और निर्माता प्रियंका चोपड़ा जोनस ने शनिवार को अपनी 2016 की मराठी फिल्म ‘वेंटिलेटर’ के सीक्वल ‘वेंटिलेटर 2’ की घोषणा की। फिल्म के लेखक और निर्देशक राजेश मापुस्कर एक बार फिर इस परियोजना से जुड़ेंगे।
फिल्म का निर्माण प्रियंका चोपड़ा जोनस के बैनर पर्पल पेबल पिक्चर्स के तहत होगा, जिसने मूल फिल्म का भी निर्माण किया था। सीक्वल का निर्माण डॉ. मधु चोपड़ा और मापुस्कर भी पर्पल पेबल पिक्चर्स तथा मैजिग पिक्चर्स के बैनर तले करेंगे। फिल्म 2027 में रिलीज होने वाली है।
इंस्टाग्राम पर इस खबर को साझा करते हुए प्रियंका ने कहा कि मूल फिल्म उन महत्वपूर्ण कहानियों में से एक थी, जिन्हें वह एक दशक पहले अपना प्रोडक्शन बैनर शुरू करते समय पर्दे पर लाना चाहती थीं।
उन्होंने लिखा, “10 साल पहले @purplepebblepictures के साथ मैंने ऐसी कहानियां सुनाने का फैसला किया था, जो मायने रखती हैं। ‘वेंटिलेटर’ कंपनी के लिए ऐसी ही एक बेहद महत्वपूर्ण कहानी थी। एक दशक बाद, हम इसे फिर से लेकर आ रहे हैं, बहुत कुछ नया लेकर…”
मापुस्कर के निर्देशन में बनी मूल फिल्म ‘वेंटिलेटर’ कैमेरकर परिवार की कहानी थी। गणेश चतुर्थी से ठीक पहले परिवार के एक बुजुर्ग सदस्य को वेंटिलेटर पर रखे जाने के बाद परिवार के लोग अस्पताल में जुटते हैं।
फिल्म ने हास्य और भावनाओं के मेल के साथ पारिवारिक रिश्तों, पीढ़ियों के बीच मतभेद, अनसुलझे तनाव और सुलह जैसे विषयों को दर्शाया था।
मराठी फिल्म में कई कलाकारों ने अभिनय किया था और इसे तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिले थे। इनमें मापुस्कर के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, सर्वश्रेष्ठ संपादन और सर्वश्रेष्ठ साउंड मिक्सिंग के पुरस्कार शामिल थे।
‘वेंटिलेटर’ के अलावा पर्पल पेबल पिक्चर्स की फिल्मों में ‘पहुणा: द लिटिल विजिटर्स’, ‘फायरब्रांड’, ‘पाणी’, ‘द स्काई इज पिंक’, ‘द व्हाइट टाइगर’, ‘टू किल अ टाइगर’ और ‘अनुजा’ शामिल हैं।