बिजनेस
अब घर-दफ्तर की डिजिटल कनेक्टिविटी की भी होगी रेटिंग, TRAI ने लॉन्च किया DCR प्लेटफॉर्म
नई दिल्ली :
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग (DCR) प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। इसके जरिए उपभोक्ता किसी प्रॉपर्टी की डिजिटल कनेक्टिविटी की रेटिंग देख सकेंगे। इसके साथ एक मोबाइल ऐप भी शुरू किया गया है, जिससे अधिकृत एजेंसियां प्रॉपर्टी के अंदर कनेक्टिविटी का परीक्षण कर सकेंगी। इसके जरिए आप पहले ही जान सकेंगे कि संबंधित क्षेत्र में इंटरनेट कनेक्टिविटी कैसी है, मोबाइल का नेटवर्क सही तरह आता है या नहीं। अब बिल्डर या अन्य कनेक्टिविटी के मामले में आपसे झूठ नहीं बोल सकेगा।यह प्लेटफॉर्म 2024 के ‘डिजिटल कनेक्टिविटी के लिए प्रॉपर्टीज की रेटिंग’ नियमों और 13 मई 2026 को अधिसूचित संशोधित नियमों के तहत रेटिंग प्रक्रिया को डिजिटल रूप से संचालित करेगा। TRAI ने 9 जून 2026 को इसका रेटिंग मैनुअल भी जारी किया था। DCR पर उपभोक्ता नाम, प्रमाणपत्र आईडी या स्थान के आधार पर रेट की गई प्रॉपर्टी खोज सकेंगे। वे डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित रेटिंग प्रमाणपत्र देख सकेंगे और उसमें मौजूद QR कोड से उसकी प्रामाणिकता की जांच कर सकेंगे। इससे घर, कार्यालय या अन्य संपत्ति की डिजिटल कनेक्टिविटी खरीद अथवा किराये के फैसले में एक सत्यापित मानक के रूप में उपलब्ध होगी।प्रॉपर्टी मैनेजर पोर्टल के जरिए अपनी संपत्ति का पंजीकरण, रेटिंग के लिए आवेदन, दस्तावेज अपलोड और पंजीकृत डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग एजेंसी (DCRA) का चयन कर सकेंगे। तैयार और निर्माणाधीन दोनों तरह की प्रॉपर्टीज का मूल्यांकन किया जा सकेगा। DCRA निरीक्षण और कनेक्टिविटी परीक्षण के बाद रिपोर्ट, प्रमाणपत्र और रेटिंग जारी करेगी।रेटिंग में फाइबर कनेक्टिविटी की तैयारी, मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता, इन-बिल्डिंग कनेक्टिविटी और Wi-Fi बुनियादी ढांचे जैसे मानकों को शामिल किया गया है। प्लेटफॉर्म में eSign, ऑनलाइन शुल्क भुगतान, ईमेल/SMS अलर्ट और रिकॉर्ड व ऑडिट डेटा सुरक्षित रखने जैसी सुविधाएं भी हैं। TRAI अध्यक्ष अनिल कुमार लाहोटी ने कहा कि DCR प्लेटफॉर्म प्रॉपर्टीज की डिजिटल कनेक्टिविटी का आकलन करने के लिए पारदर्शी और मानकीकृत व्यवस्था बनाएगा। उनके मुताबिक, इससे उपभोक्ताओं को तुलनात्मक जानकारी मिलेगी और प्रॉपर्टी मैनेजरों को निर्माण के उचित चरण में डिजिटल कनेक्टिविटी ढांचे की योजना बनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

