New Delhi
SEBI चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय

FPI के पंजीकरण का समय 5 दिन तक लाएंगे : चेयरमैन

पिछले कुछ महीनों में सेबी ने FPI के लिए अनुपालन के बोझ को कम करने को लेकर कई कदम उठाए हैं
Published on: 

नयी दिल्ली :

सेबी के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने शुक्रवार को कहा कि बाजार नियामक का लक्ष्य डिजिटल कार्यप्रवाह और प्रणाली एकीकरण के माध्यम से विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) के पंजीकरण में लगने वाले समय को कई महीनों से घटाकर सिर्फ 5 कार्यदिवस करना है।

उद्योग मंडल एसोचैम द्वारा आयोजित 17वें पूंजी बाजार सम्मेलन में पांडेय ने कहा कि नियामक ने FPI के लिए अतिरिक्त खुलासा ढांचे को समाप्त करने का भी प्रस्ताव दिया है, जिससे भारत का नियामकीय रूपरेखा वैश्विक मानकों के और करीब आ जाएगा। पिछले कुछ महीनों में सेबी ने FPI के लिए अनुपालन के बोझ को कम करने को लेकर कई कदम उठाए हैं।

'स्वागत-एफआई' भरोसेमंद विदेशी निवेशकों के लिए एकल खिड़की पहल है, जिसके तहत लगभग 740 FPI पंजीकृत हो चुके हैं। इनकी कुल FPI परिसंपत्तियों में लगभग 17 प्रतिशत हिस्सेदारी है। उन्होंने कहा, ‘स्वागत-एफआई भरोसेमंद और कम जोखिम वाले FPI को एकल-खिड़की पहुंच, सरल अनुपालन और अपने ग्राहक को जानो (केवाईसी) की समीक्षा के लिए लंबी अवधि देता है।’

पांडेय ने कहा कि सेबी कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय (एमसीए) के पास दाखिल किए जाने वाले विवरणों में दोहरे खुलासों को समाप्त करने के लिए सूचीबद्धता दायित्व और खुलासा आवश्यकताएं (एलओडीआर) रूपरेखा की व्यापक समीक्षा कर रहा है। नियामक एक ही अनुपालन चूक के लिए विभिन्न शेयर बाजारों द्वारा लगाए जाने वाले अलग-अलग जुर्माने के स्थान पर एकल जुर्माना व्यवस्था लागू करने की भी योजना बना रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News