

नयी दिल्ली : समुद्री प्रशासन महानिदेशालय (डीजीएमए) ने मंगलवार को सभी प्रमुख बंदरगाहों और अन्य बंदरगाह प्राधिकरणों को निर्देश दिया कि वे अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले छोड़े गए, पकड़े गए, जब्त, रोके गए, क्षतिग्रस्त या सुरक्षित रूप से संचालन करने में असमर्थ जहाजों की जानकारी उपलब्ध कराएं।
डीजीएमए ने एक परिपत्र में कहा कि उसका उद्देश्य ऐसे जहाजों का एक एकीकृत रिकॉर्ड तैयार करना है। इसमें उन जहाजों को भी शामिल किया जाएगा, जिनकी स्थिति, स्थान या परिस्थितियों से लोगों की सुरक्षा, सुरक्षित नौवहन, बंदरगाहों के संचालन, बुनियादी ढांचे या समुद्री पर्यावरण पर असर पड़ सकता है।
परिपत्र में कहा गया है कि सभी प्रमुख बंदरगाहों और अन्य बंदरगाह प्राधिकरणों को अपने अधिकार क्षेत्र या नियंत्रण वाले क्षेत्रों में मौजूद ऐसे जहाजों की जानकारी देनी होगी। इसमें बंदरगाह की सीमाएं, जहाजों के खड़े होने के स्थान, लंगर डालने के क्षेत्र और बंदरगाह तक पहुंचने के मार्ग शामिल हैं।
डीजीएमए ने कहा कि इस रिपोर्ट में छोड़े गए या छोड़े जाने की आशंका वाले जहाजों, बंदरगाह राज्य नियंत्रण या किसी अन्य वैधानिक प्राधिकरण द्वारा पकड़े गए जहाजों और अदालत के आदेश या कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त अथवा रोके गए जहाजों की जानकारी शामिल होगी।
इसके अलावा, ऐसे जहाजों की भी जानकारी देनी होगी जो परिचालन में नहीं हैं, क्षतिग्रस्त हैं, किनारे पर फंसे हैं, उथले पानी में अटके हैं, समुद्र में बह रहे हैं या बिना चालक दल के हैं। ऐसे अन्य जहाजों की जानकारी भी देनी होगी, जिनसे लोगों की सुरक्षा, नौवहन, बंदरगाह संचालन, बुनियादी ढांचे, सुरक्षा या समुद्री पर्यावरण को खतरा हो सकता है।