अमेरिका-ईरान तनाव में कमी से सेंसेक्स उछला

अमेरिका-ईरान तनाव घटने और कच्चे तेल के सस्ता होने से निवेशकों की धारणा मजबूत, सेंसेक्स-निफ्टी में लगातार तीसरे दिन तेजी
घरेलू शेयर बाजार
घरेलू शेयर बाजार
Published on

मुंबई : वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच घरेलू शेयर बाजार में तेजी रही। बीएसई का सेंसेक्स 544.15 अंक यानी 0.71 प्रतिशत चढ़कर 76,808.48 अंक पर बंद हुआ। एक समय यह 582.41 अंक यानी 0.76 प्रतिशत चढ़कर 76,846.74 अंक तक पहुंच गया था। एनएसई का निफ्टी 135.25 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,989.15 अंक पर बंद हुआ। दिन में यह 148.7 अंक या 0.62 प्रतिशत चढ़कर 24,002.60 अंक तक चला गया था। यह घरेलू बाजारों में तेजी का लगातार तीसरा दिन रहा। इस दौरान सेंसेक्स में कुल 2,975.93 अंक यानी चार प्रतिशत की बढ़त हुई है जबकि निफ्टी 827.55 अंक यानी 3.57 प्रतिशत चढ़ गया है। बीएसई पर सूचीबद्ध कुल 2,368 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए जबकि 1,886 शेयरों में गिरावट रही और 153 अन्य अपरिवर्तित रहे।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ : जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, घरेलू बाजारों में तेजी का रुख जारी रहा, जिसे अमेरिका-ईरान तनाव में कमी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से समर्थन मिला। आईटी, रियल्टी, एफएमसीजी और तेल एवं गैस क्षेत्र में व्यापक खरीदारी देखी गई।

क्या रही स्थिति : सेंसेक्स की कंपनियों में से एचसीएल टेक में सर्वाधिक 3.59 प्रतिशत की तेजी रही। बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और बजाज फाइनेंस के शेयर भी लाभ के साथ बंद हुए। दूसरी तरफ, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति सुजुकी और टाटा स्टील के शेयरों में गिरावट का रुख रहा। बीएसई मिडकैप सूचकांक 0.64 प्रतिशत बढ़ गया जबकि स्मॉलकैप में 0.59 प्रतिशत की बढ़त रही।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in