लगातार तीसरे दिन रुपये में रही मजबूती

संभावित शांति समझौते को लेकर बढ़ी उम्मीदों से बाजार में सकारात्मक रुख रहा
इंटरनेट
रुपये
Published on

मुंबई : अमेरिका एवं ईरान के बीच शांति समझौते की बढ़ती उम्मीदों के बीच रुपया 35 पैसे मजबूत होकर 95.25 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर रहा। यह रुपये में तेजी का लगातार तीसरा सत्र रहा। अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते को लेकर बढ़ी उम्मीदों से बाजार में सकारात्मक रुख रहा। लेकिन होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी जैसे अहम मुद्दों पर मतभेद अभी बने हुए हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा के बयान से भी रुपये को समर्थन मिला। मल्होत्रा ने कहा है कि केंद्रीय बैंक विदेशी मुद्रा बाजार में व्यवस्थित मूल्य निर्धारण सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।

क्या रही स्थिति : अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.36 प्रति डॉलर के भाव पर खुला। इसने दिन में 95.12 के ऊपरी एवं 95.44 के निचले स्तर को छुआ। शुक्रवार को रुपया 75 पैसे मजबूत होकर 95.60 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान से भी बाजार को समर्थन मिला कि अमेरिका एवं ईरान ने शांति समझौते पर बातचीत लगभग पूरी कर ली है। हालांकि, ट्रंप ने वार्ताकारों को जल्दबाजी न करने की सलाह दी है। इस बीच, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि अमेरिका और भारत अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के करीब हैं।

डॉलर सूचकांक : दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.26 प्रतिशत गिरकर 99.98 पर आ गया।

ब्रेंट क्रूड : अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड होर्मुज का समुद्री मार्ग खुलने की उम्मीद से वायदा कारोबार में 5.10 प्रतिशत टूटकर 98.26 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in