विशाखापत्तनम : केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार को कहा कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के मकसद से शुरू की गई ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत अब तक करीब 66 लाख घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जा चुके हैं। विशाखापत्तनम में 31वें सीआईआई साझेदारी शिखर सम्मेलन 2026 को संबोधित करते हुए नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की रफ्तार में काफी तेजी आई है। पहले एक लाख संयंत्र लगाने में 118 दिन लगते थे, जबकि अब औसतन 6 दिन में इतने संयंत्र लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्रालय इस अवधि को जल्द ही घटाकार 5 दिन करने का लक्ष्य लेकर काम कर रहा है।
1 करोड़ घरों को लाभ पहुंचाएंगे
जोशी ने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक 66 लाख परिवारों को लाभ मिल चुका है। शुरुआत में एक करोड़ परिवारों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया था। उन्होंने बताया कि अकेले आंध्र प्रदेश में 7.86 लाख घरों को छत पर लगाए जाने वाले सौर ऊर्जा संयंत्र से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि किसान और परिवारों का बिजली बिल न केवल शून्य हो गया है, बल्कि वे जरूरत से ज्यादा बिजली पैदा करके उससे कमाई भी कर रहे हैं। देश में सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता 2014 के 2.8 गीगावाट से बढ़कर अब 175 गीगावाट हो गई है।
बिजली उत्पादन क्षमता में गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों की हिस्सेदारी 55 प्रतिशत
जोशी ने कहा कि देश की कुल स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता में गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों की हिस्सेदारी अब करीब 55 प्रतिशत हो गई है। इससे भारत वर्ष 2030 तक 500 गीगावाट गैर-जीवाश्म ऊर्जा क्षमता का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आगामी पीएम-कुसुम 2 योजना का भी उल्लेख किया, जिसके तहत कृषि उपकरणों और पंपों को सौर ऊर्जा से संचालित करने का दायरा अधिक बढ़ाया जाएगा। जोशी ने यह भी बताया कि नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में 17 समझौता ज्ञापनों और तीन सरकारी आदेशों के जरिये 43,871 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। इससे करीब 4,700 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। स्वच्छ ऊर्जा के महत्व और भारत की ऊर्जा सुरक्षा में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि देश में बिजली की अधिकतम मांग 2012 के 123 गीगावाट से बढ़कर हाल में 270 गीगावाट हो गई है। वर्ष 2012 में ग्रिड में बड़ी खराबी के कारण उत्तर भारत में करीब 72 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी।

