एनटीपीसी की 4.8 गीगावाट नई तापीय बिजली उत्पादन क्षमता जोड़ने की योजना

कंपनी के प्रबंधन ने यह जानकारी दी
New Delhi
एनटीपीसी
Published on: 

नयी दिल्ली : सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी एनटीपीसी देश में भविष्य की बिजली मांग पूरी करने के लिए 4 राज्यों में 4.8 गीगावाट की नई तापीय बिजली उत्पादन क्षमता जोड़ने की योजना बना रही है। कंपनी के प्रबंधन ने यह जानकारी दी।

प्रबंधन के अनुसार प्रस्तावित 4.8 गीगावाट क्षमता में से आधी संयुक्त उद्यम की अनुषंगी कंपनियों के जरिये और बाकी कंपनी स्वतंत्र रूप से जोड़ेगी। देश की सबसे बड़ी बिजली उत्पादक कंपनी एनटीपीसी के पास फिलहाल 37 गीगावाट से अधिक की बिजली उत्पादन क्षमता निर्माणाधीन है।

इसमें 17 गीगावाट कोयला आधारित, करीब 3.6 गीगावाट पनबिजली और लगभग 16 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता शामिल है। कंपनी के प्रबंधन ने कहा कि फिलहाल उसका जोर परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और बिजलीघरों की अधिकतम उपलब्धता सुनिश्चित करने पर है।

प्रबंधन ने कहा, ‘हमारी 17.32 गीगावाट क्षमता पहले से निर्माणाधीन है। इसके अलावा, अगले साल की पहली और दूसरी तिमाही में करीब 4.8 गीगावाट की अतिरिक्त क्षमता के लिए निविदाएं जारी करने की योजना है।

’ प्रबंधन के अनुसार, नई तापीय बिजली उत्पादन क्षमता के तहत झाबुआ में 800 मेगावाट की दूसरी इकाई, तलचर चरण 4 में 800 मेगावाट की एक इकाई, तलचर कनिहा चरण 3 में 800-800 मेगावाट की 2 इकाइयां, भिलाई में 800 मेगावाट की एक इकाई और बीआरबीसीएल चरण 2 में 800 मेगावाट की एक इकाई लगाई जाएगी।

इन परियोजनाओं से कुल करीब 4.8 गीगावाट क्षमता जुड़ेगी। प्रबंधन ने कहा, ‘इसमें से 2.4 गीगावाट क्षमता कंपनी स्वतंत्र रूप से और 2.4 गीगावाट संयुक्त उद्यम की अनुषंगी कंपनी के जरिये जोड़ेगी। इसके अलावा, हम व्यापक व्यवहार्यता के आधार पर 3 से 4 गीगावाट की अतिरिक्त क्षमता के विकल्पों पर लगातार काम कर रहे हैं।’

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News