

मुंबई : उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में स्थानीय शेयर बाजारों में गिरावट आई। हाल की तेजी के बाद बैंक और वित्तीय शेयरों में मुनाफावसूली से बाजार नुकसान में रहा। सेंसेक्स शुरुआती बढ़त को गंवाते हुए 122.56 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,988.68 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स बढ़त के साथ खुला और 78,730.32 अंक तक पहुंच गया। बाद में ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली से यह गिरावट के साथ 77,674.93 अंक के निचले स्तर पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स में 1,055.39 अंक का उतार-चढ़ाव आया। एनएसई निफ्टी भी 34.55 अंक यानी 0.14 प्रतिशत टूटकर 24,196.75 अंक पर बंद हुआ। सूचकांक ऊंचे में 24,400.95 तक गया और नीचे में 24,102.80 अंक तक आया। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.51 प्रतिशत बढ़कर 96.36 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
क्या रही स्थिति : सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में एचडीएफसी बैंक में सबसे ज्यादा 1.75 प्रतिशत की गिरावट आई। टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक और बजाज फाइनेंस में प्रमुख रूप से गिरावट दर्ज की गई।लाभ में रहने वाले शेयरों में ट्रेंट, इटर्नल, अदाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और इन्फोसिस शामिल हैं। बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.86 प्रतिशत चढ़ा जबकि स्मॉलकैप सेलेक्ट 0.60 प्रतिशत के लाभ में रहा। धातु, आईटी और ऊर्जा शेयरों ने सूचकांक को सहारा दिया, जबकि बैंक और वाहन शेयरों पर कुछ दबाव देखने को मिला।
अन्य बाजार : एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोप के बाजार दोपहर के कारोबार में सकारात्मक दायरे में थे। अमेरिकी बाजार बुधवार को ज्यादातर बढ़त के साथ बंद हुए थे।