

नयी दिल्ली : नैस्डैक में सूचीबद्ध यात्रा बुकिंग मंच मेकमायट्रिप की भारतीय अनुषंगी कंपनी को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की मंजूरी मिल गई है। बाजार नियामक की वेबसाइट पर सोमवार को उपलब्ध सूचना से यह जानकारी मिली।
मेकमायट्रिप (इंडिया) लिमिटेड (एमएमटी इंडिया) ने जुलाई में गोपनीय प्रक्रिया के जरिये सेबी के पास मसौदा दस्तावेज जमा किए थे। इन दस्तावेजों की जांच के बाद नियामक ने 6 नवंबर को आईपीओ लाने की मंजूरी दे दी।
गुरुग्राम मुख्यालय वाली कंपनी ने नैस्डैक को दी गई नियामकीय सूचना में कहा कि प्रस्तावित आईपीओ में उसकी मूल कंपनी मेकमायट्रिप और उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी इबिबो ग्रुप होल्डिंग्स (सिंगापुर) प्राइवेट लिमिटेड की ओर से एमएमटी इंडिया के इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश शामिल होने की उम्मीद है।
नियामकीय सूचना में कहा गया, ‘मेकमायट्रिप को उम्मीद है कि एमएमटी इंडिया का प्रस्तावित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम एवं सूचीबद्धता उसकी ब्रांड पहचान बढ़ाएगी और प्रतिस्पर्धी प्रौद्योगिकी भर्ती बाजार में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा बनाए रखने की उसकी क्षमता को समर्थन देगी।’