

पेरिस : विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा है कि भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता (FTA) केवल व्यापार और प्रौद्योगिकी तक सीमित नहीं है। दोनों देशों के लोगों के लिए कई नए अवसर खोलेगा। मिस्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जी7 शिखर सम्मेलन के इतर फ्रांस के एवियॉन शहर में हुई द्विपक्षीय बैठकों में व्यापार, प्रौद्योगिकी, क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा प्रमुख विषय रहे। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने व्यापक आर्थिक एवं व्यापार साझेदारी समझौते (सीईटीए) को 15 जुलाई से लागू करने की घोषणा की। भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते पर पिछले वर्ष दोनों प्रधानमंत्रियों की उपस्थिति में हस्ताक्षर हुए थे और अब यह समझौता 15 जुलाई से प्रभावी होगा। यह एक प्रमुख व्यापारिक साझेदार के साथ द्विपक्षीय संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण प्रगति है।
द्विपक्षीय व्यापार में उल्लेखनीय वृद्धि : इस समझौते से मौजूदा 48 अरब पाउंड के वार्षिक द्विपक्षीय व्यापार में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है। इसका प्रभाव व्यापक भारत-ब्रिटेन संबंधों पर भी पड़ेगा। दोनों देशों के उद्योग जगत इस समझौते के लागू होने को लेकर काफी उत्साहित हैं और विस्तार योजनाओं की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ब्रिटेन हमारे सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों में से एक है और एक महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी सहयोगी भी है। यह समझौता केवल व्यापार और प्रौद्योगिकी से आगे बढ़कर दोनों देशों के बीच आवाजाही को भी बढ़ावा देगा।
यूरोपीय संघ के साथ व्यापार वार्ता : इस बीच, यूरोपीय संघ (ईयू) के साथ व्यापार वार्ता में भी प्रगति हुई है। प्रधानमंत्री मोदी ने यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंतोनियो कोस्टा के साथ बैठक की। भारत-ईयू FTA वार्ता का समापन इस साल की शुरुआत में हो चुका है। दोनों पक्षों ने वर्ष के अंत तक समझौते को अंतिम रूप देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है और संबंधित टीमों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।