सोना 365 रुपये बढ़कर 91,000 रुपये के स्तर पर

ट्रंप द्वारा घोषित नए वाहन शुल्क के बाद वैश्विक जोखिम धारणा बढ़ने के कारण सोने में बढ़त बरकरार
सोना 365 रुपये बढ़कर 91,000 रुपये के स्तर पर
Published on

नयी दिल्लीः मजबूत वैश्विक रुख के बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 365 रुपये बढ़कर 91,050 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। बुधवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 90,685 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 365 रुपये की तेजी के साथ 90,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। इसका पिछला बंद भाव 90,235 रुपये प्रति 10 ग्राम था। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक-जिंस सौमिल गांधी ने कहा, ‘अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा घोषित नए वाहन शुल्क के बाद वैश्विक जोखिम धारणा बढ़ने के कारण सोने में बढ़त बरकरार है।’ चांदी की कीमतें भी 200 रुपये बढ़कर 1,01,700 रुपये प्रति किलोग्राम हो गईं। बुधवार को यह 1,01,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

लकेपी सिक्योरिटीज में उपाध्यक्ष शोध विश्लेषक (जिंस और मुद्रा) जतीन त्रिवेदी ने कहा, ‘अमेरिका के जीडीपी के आंकड़ों में गिरावट और दो अप्रैल को अमेरिका के जवाबी शुल्क की संभावना के कारण सोने की कीमतें 3,050 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गईं।’ त्रिवेदी ने कहा कि इसके अलावा, कनाडा के लिए संभावित समर्थन को लेकर यूरो क्षेत्र के प्रति अमेरिका की नई धमकियों ने बाजार के जोखिमों को बढ़ा दिया है, जिससे सुरक्षित-पनाहगाह की मांग में और तेजी आई है।

इसके अलावा, बाजार प्रतिभागी अमेरिकी केंद्रीय बैंक की भविष्य की मौद्रिक नीति के दृष्टिकोण के बारे में जानकारी के लिए कई फेडरल रिजर्व अधिकारियों के संबोधनों पर भी बारीकी से नज़र रखेंगे।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in