4.76 अरब डॉलर बढ़ा विदेशी मुद्रा भंडार

स्वर्ण भंडार में भी हुई वृद्धि
4.76 अरब डॉलर बढ़ा विदेशी मुद्रा भंडार
Published on

मुंबईः देश का विदेशी मुद्रा भंडार 21 फरवरी को समाप्त सप्ताह में 4.76 अरब डॉलर बढ़कर 640.48 अरब डॉलर हो गया। पिछले सप्ताह देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.54 अरब डॉलर घटकर 635.72 अरब डॉलर रह गया था। रुपये में उतार-चढ़ाव को कम करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा विदेशी मुद्रा बाजार में हस्तक्षेप के साथ-साथ पुनर्मूल्यांकन के कारण पिछले कई हफ्तों से मुद्राभंडार में गिरावट का रुख रहा है। सितंबर 2024 के अंत में विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 704.88 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। रिजर्व बैंक के आंकड़ों अनुसार, 21 फरवरी को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का एक प्रमुख हिस्सा विदेशी मुद्रा आस्तियां 4.25 अरब डॉलर बढ़कर 543.84 अरब डॉलर हो गईं।

क्या-क्या होता है शामिलः डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है।

समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 42.6 करोड़ डॉलर बढ़कर 74.58 अरब डॉलर हो गया। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 7.3 करोड डॉलर बढ़कर 17.97 अरब डॉलर हो गया।भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, आलोच्य सप्ताह में आईएमएफ के पास भारत का आरक्षित भंडार 70 लाख डॉलर बढ़कर 4.09 अरब डॉलर हो गया।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in