एटीएफ 16 रुपये महंगा, वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम भी बढ़े

फरवरी से जून के बीच 19 किलोग्राम सिलेंडर की कीमत 1,373 रुपये बढ़कर 3,113.50 रुपये हो गई थी।
एटीएफ 16 रुपये महंगा, वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम भी बढ़े
Published on: 

नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी के बीच सरकारी तेल कंपनियों ने गुरुवार को विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमत 16 रुपये प्रति लीटर बढ़ाकर 137 रुपये कर दी। इसके साथ ही 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम में भी 62.59 रुपये की वृद्धि की गई है।

घरेलू विमानन कंपनियों के लिए एटीएफ की कीमत अब 121 रुपये से बढ़कर 137 रुपये प्रति लीटर हो गई है। सितंबर में भी इसकी कीमत 6.28 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई थी, जबकि अगस्त में पांच रुपये की वृद्धि हुई थी। विमानन कंपनियों की कुल परिचालन लागत में एटीएफ की हिस्सेदारी करीब 40 प्रतिशत तक होती है।

वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम में सितंबर में 9.50 रुपये की वृद्धि हुई थी। इससे पहले जुलाई और अगस्त में कीमतों में क्रमश: 183.50 रुपये और 192 रुपये की कटौती की गई थी। फरवरी से जून के बीच 19 किलोग्राम सिलेंडर की कीमत 1,373 रुपये बढ़कर 3,113.50 रुपये हो गई थी।

तेल कंपनियों ने बताया कि एटीएफ और एलपीजी की कीमतों की समीक्षा हर महीने की पहली तारीख को अंतरराष्ट्रीय मानक कीमतों और रुपये-डॉलर विनिमय दर के आधार पर की जाती है। राज्यों में स्थानीय करों के कारण कीमतें अलग हो सकती हैं।

घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं को इस बार राहत मिली है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है और इसकी कीमत 942 रुपये बनी रहेगी। पेट्रोल और डीजल के दाम में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in