देश में अगले 10 साल के भीतर 100 नए हवाई अड्डे बनाए जाएंगे : राम मोहन नायडू

नागर विमानन मंत्री ने बताया कि ‘उड़ान’ योजना के तहत क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए 30,000 करोड़ रुपये के निवेश से 10 साल में 100 नए हवाई अड्डों का निर्माण किया जाएगा
अहमदाबाद हवाई अड्डे से भारत की तीसरी ‘हब एंड स्पोक’ सेवा का उद्घाटन
देश में अगले 10 साल के भीतर 100 नए हवाई अड्डे बनाए जाएंगे
Published on

अहमदाबाद : नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने मंगलवार को कहा कि क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना ‘उड़े देश का आम नागरिक’ उड़ान के तहत अगले 10 साल में देश में 30,000 करोड़ रुपये की लागत से 100 नए हवाई अड्डे बनाए जाएंगे।

हब एंड स्पोक सेवा का उद्घाटन

नायडू ने अहमदाबाद हवाई अड्डे से भारत की तीसरी ‘हब एंड स्पोक’ सेवा का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद रहे। यह भारत की तीसरी ‘हब एंड स्पोक’ सेवा है, जिसका मकसद देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले यात्रियों को भारतीय हवाई अड्डों को केंद्र बनाकर अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों से निर्बाध रूप से जोड़ना है।

देश में हैं 166 हवाई अड्डे

नागर विमानन मंत्री ने कहा, ‘‘2014 में भारत में 74 हवाई अड्डे थे, जबकि आज देश के हवाई नक्शे पर 166 हवाई अड्डे हैं। हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 166 होना देश के लिए एक रिकॉर्ड है। पिछले 12 वर्षों में हर करीब 40 दिन में एक नए हवाई अड्डे या नए टर्मिनल का काम पूरा किया गया है।’’

उन्होंने कहा कि नागर विमानन मंत्रालय की पिछले 12 वर्षों की यात्रा अभी शुरुआत भर है। पिछले एक दशक में ‘उड़ान’ योजना के जरिये हवाई यात्रा क्षेत्र में आए बदलावों को आगे बढ़ाते हुए अगले 10 वर्षों में करीब 30,000 करोड़ रुपये खर्च कर 100 नए हवाई अड्डे बनाने की योजना है।

28840 करोड़ का है बजट

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस साल मार्च में क्षेत्रीय संपर्क योजना के संशोधित प्रारूप को मंजूरी दी थी। इसे वित्त वर्ष 2026-27 से 2035-36 तक 10 वर्षों के लिए लागू किया जाएगा। इसके लिए केंद्र की बजटीय सहायता के साथ कुल 28,840 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in