संसद के विशेष सत्र को लेकर तेजस्वी का केंद्र पर निशाना

तेजस्वी यादव ने संसद सत्र को आगामी विधानसभा चुनावों से जोड़ते हुए जताई संभावना
Patna
तेजस्वी यादव
Published on: 

पटना : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने अनुमान जताया है कि संसद का आगामी विशेष सत्र कई राज्यों में कुछ महीनों बाद होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर बुलाया गया हो सकता है।

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने शुक्रवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी परिसीमन विधेयक पर अपने 'पुराने रुख' पर कायम रहेगी। खबरों के मुताबिक, इस विधेयक को संसद में नए सिरे से पेश किया जा सकता है।

क्या उन्हें लगता है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उत्तर प्रदेश और पंजाब के विधानसभा चुनावों में महिला आरक्षण से जुड़े इस मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर सकता है, पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा, ''हो सकता है कि चुनावों को ध्यान में रखकर यह बैठक बुलाई गई हो।

दो-तिहाई बहुमत से पारित होने वाले इस विधेयक पर राजद के रुख के बारे में पूछे जाने पर तेजस्वी ने कहा, बेहतर होता कि सरकार सभी राजनीतिक दलों को विश्वास में लेती। फिर भी, हमारा पुराना रुख सभी को पता है।

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के प्रमुख घटक दलों में शामिल राजद नेता ने सभी भाजपा शासित राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू करने की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अपील को भी हल्के अंदाज में लिया। उन्होंने कहा, कोई कुछ भी कह सकता है। उस पर अमल करना अलग बात है। जब कोई ठोस कदम उठाया जाएगा, तब हम प्रतिक्रिया देंगे।

इस बीच, तेजस्वी की इस टिप्पणी पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से प्रतिक्रिया मांगी गई कि संसद की विशेष बैठक विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर बुलाई गई है, तो भाजपा के वरिष्ठ नेता ने पलटवार करते हुए कहा, तेजस्वी ही हर समय चुनावों के बारे में सोचते रहते हैं।

Patna
पटना में 120 साल पुरानी ऐतिहासिक इमारत ध्वस्त
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News