

पटना : बिहार में अपने पति की कथित तौर पर हत्या के लिए किराए के शूटर को सुपारी देने वाली एक महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि दोनों शूटर की पहचान कर ली गई है और वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करने के लिए छापेमारी तेज कर दी है।
इरफान (32) पेशे से चालक था। गत 10 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने उसके किराये के मकान का दरवाजा खटखटाया। इरफान के बाहर निकलते ही उनमें से एक ने कथित तौर पर उसके सिर में गोली मार दी। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
दानापुर-दो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि पुलिस ने 48 घंटे के भीतर इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए इरफान की पत्नी और उसके कथित प्रेमी करण कुमार को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ के दौरान दोनों ने विरोधाभासी बयान दिए और जांच अधिकारियों को गुमराह करने की कोशिश की थी।
पुलिस ने करण के एक नाबालिग रिश्तेदार को भी हिरासत में लिया, जो गोलीबारी के समय कथित तौर पर घटनास्थल पर मौजूद था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इरफान की पत्नी और करण के करीब दो साल से संबंध थे। इरफान को जब इस संबंध की जानकारी हुई और उसने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच तनाव बढ़ गया। इसके बाद इरफान की पत्नी और करण ने कथित तौर पर उसे रास्ते से हटाने के लिए हत्या की साजिश रची।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार महिला ने पुलिस को गुमराह करने के लिए दावा किया था कि करीब एक साल पहले मौदाही गांव के पास गोलीबारी की एक घटना में इरफान बच गया था। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को ऐसी किसी घटना का कोई साक्ष्य नहीं मिला।
झा ने मंगलवार को कहा, हत्या की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। पूछताछ के दौरान इरफान की पत्नी ने हत्या की साजिश का खुलासा किया जबकि करण ने उसके साथ अपने प्रेम संबंध और अपराध की साजिश रचने में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी तेज कर दी है।
एसडीपीओ ने कहा, मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस जल्द दोनों शूटर को गिरफ्तार करने लेगी और वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लेगी।