

पटना : बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को राज्य के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 15 अधिकारियों का तबादला किया और कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया।
विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया और उन्हें पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
अधिसूचना में बताया गया कि इसके साथ ही एच. आर. श्रीनिवास को पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया। अधिसूचना के अनुसार, कोसी प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) में प्रधान सचिव बनाया गया है।
वहीं पथ निर्माण विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे पंकज कुमार पाल को विभाग का पूर्णकालिक सचिव नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार ने कई प्रमंडलों में आयुक्तों के स्तर पर भी फेरबदल किया।
अधिसूचना के अनुसार, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा को भागलपुर प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय को कोसी प्रमंडल के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
पूर्णिया के जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार को पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त अवनीश कुमार सिंह को खान एवं भू-तत्व विभाग में सचिव-सह-खान आयुक्त नियुक्त किया गया है।
मुख्यमंत्री सचिवालय में भी नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर और गुंजन सिंह को मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव बनाया गया है।
इससे पहले खांडेकर पटना और गुंजन सिंह भोजपुर में उपविकास आयुक्त (DDC) के पद पर कार्यरत थे। नालंदा के उपविकास आयुक्त शुभम कुमार को पटना का नया उपविकास आयुक्त नियुक्त किया गया है।
वहीं जीविका के मुख्य कार्यपालक अधिकारी हिमांश शर्मा को विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का प्रभारी सचिव बनाया गया है। अधिसूचना के तहत कई अधिकारियों को उनके अतिरिक्त प्रभारों से मुक्त भी किया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र को शिक्षा एवं खेल विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। इन दोनों विभागों का अतिरिक्त प्रभार अब विनोद सिंह गुंजियाल को सौंपा गया है।
इसी प्रकार ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव दिवेश सेहरा को खान विभाग के सभी अतिरिक्त प्रभारों से मुक्त किया गया है। पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह को भी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया।