

नयी दिल्ली/ पटना : जनता दल (यूनाइटेड) (JD(U)) ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के संस्मरण में अपनी पार्टी के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चित्रण पर बुधवार को नाराजगी जताते हुए कहा कि वह विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) के मुख्य सूत्रधार थे।
JD(U) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने आरोप लगाया कि गांधी ने अपनी किताब में इस पूरे घटनाक्रम को लोगों को गुमराह करने की एक खास रणनीति के तहत पेश किया है।
उन्होंने कहा, ‘इंडिया’ गठबंधन के संदर्भ में सोनिया गांधी की किताब में नीतीश कुमार का जिस तरह जिक्र किया गया है, उससे JD(U) बेहद आहत है। हमारा मानना है कि नीतीश कुमार इस गठबंधन के सूत्रधार और इसे आगे बढ़ाने वाली प्रमुख ताकत हैं जिसका नेतृत्व फिलहाल सोनिया गांधी और राहुल गांधी कर रहे हैं।
सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में लिखा है कि नीतीश कुमार ‘इंडिया’ गठबंधन से बाहर निकलने का मौका तलाश रहे थे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रभाव में थे। उन्होंने 2024 की शुरुआत में नीतीश कुमार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वापसी का भी जिक्र किया है।
प्रसाद ने दावा किया कि शुरुआत में ज्यादातर क्षेत्रीय दल विपक्षी गठबंधन में कांग्रेस को शामिल करने के इच्छुक नहीं थे और नीतीश कुमार ने उन्हें इस पार्टी के साथ एकजुट होने के लिए राजी किया था। इसके बाद पटना में गठबंधन की पहली बैठक सफल रही।
प्रसाद ने कहा कि नीतीश कुमार को अंततः एहसास हो गया था कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की महत्वाकांक्षाओं एवं क्षेत्रीय राजनीतिक हितों के साथ-साथ राजग का मुकाबला करने में उनकी अक्षमता के कारण ‘इंडिया’ गठबंधन कामयाब नहीं हो पाएगा।
उन्होंने कहा, कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की भूमिका, उनकी महत्वाकांक्षाओं और क्षेत्रीय राजनीतिक हितों से यह स्पष्ट हो गया था कि उनमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मुकाबला करने की क्षमता नहीं है। इसी वजह से नीतीश कुमार ने ‘इंडिया’ गठबंधन छोड़ दिया था।