

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 'समृद्धि यात्रा' के जरिए बुधवार को जमुई पहुंचे हैं। मंच पर साथ में राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद थे। उस समय उन्होंने बिहार के अगले सीएम को लेकर भी बड़ा इशारा दिया है। उन्होंने इशारे-इशारे में सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखते हुए उनके समर्थन में लोगों का हाथ उठवाया है। नीतीश ने कहा है कि अब सब काम ये ही संभालेंगे। ऐसे में अब सवाल ये खड़ा हो रहा है कि क्या सम्राट चौधरी ही बिहार के अगले सीएम बनेंगे। क्या सम्राट चौधरी ही नीतीश कुमार की पहली पसंद हैं।
मालूम हो, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित किये गये हैं। अगले 10 अप्रैल के बाद उनका टर्म शुरू हो रहा है। साथ ही अगले महीने में वे मुख्यमंत्री का पद भी छोड़ने सकते हैं। उसके बाद बिहार में नयी सरकार का गठन होगा। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि बिहार में इस बार BJP के ही मुख्यमंत्री होंगे।
इसी बीच नीतीश कुमार का सम्राट चौधरी को लेकर दिया गया बयान भी कई मायनों में छवि स्पष्ट कर रही है। ऐसा पहली बार नहीं देखने को मिला है कि नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को लेकर बयान दिया है। उन्होंने इससे पहले भी मुख्यमंत्री के मंच पर उपसीएम सम्राट चौधरी की तारीफ करते हुए पीठ थपथपाई थी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 'समृद्धि यात्रा' के तहत ही जमुई भी पहुंचे हैं। उन्होंने वहां पर कुंडघाट जलाशय परियोजना का उद्घाटन किया है। स्थल का निरीक्षण किया है और अलग-अलग स्टॉल्स का भी भ्रमण किया है। 'समृद्धि यात्रा' के चौथे चरण का बुधवार दूसरा दिन था। इसके बाद मुख्यमंत्री का नवादा में भी कार्यक्रम देखने को मिला है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को समृद्धि यात्रा के दौरान जमुई जिले के लघुआड़ में 914 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 370 योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन व शिलान्यास किया। इनमें 602 करोड़ रुपये की लागत वाली 181 योजनाओं का उद्घाटन तथा 312 करोड़ रुपये की लागत वाली 189 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि कुंडघाट जलाशय क्षेत्र में वर्षा के दिनों में आसपास के पहाड़ों और जंगलों का पानी संग्रहित किया जाएगा, जिसका उपयोग सिंचाई के लिए किया होगा। बयान में कहा गया है कि इस योजना से क्षेत्र के किसानों को काफी लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान घोषित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रस्तुति का अवलोकन किया और उनके क्रियान्वयन की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।