

पटना : सम्राट सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने बिहार में अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर अहम बयान दिया है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तारीफ करते हुए यादव ने कहा कि सम्राट सरकार जनहित में लगातार काम कर रही है। हर पंचायत में 'सहयोग शिविर' आयोजित किए जा रहे हैं, जहां आम जनता की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
यादव ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जनहित में बेहद अच्छा काम शुरू किया है। हर पंचायत में सहयोग शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां लोगों से आवेदन लेकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। जो अधिकारी आवेदन का समय पर निपटारा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। साथ ही 31वें दिन अधिकारी खुद सस्पेंड हो जाएंगे, ऐसी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
रामकृपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री और कई मंत्री अलग-अलग जिलों के दौरे पर गए थे। मैं खुद बेगूसराय पहुंचा था, जहां तीन पंचायतों में आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुंचे और छोटी-छोटी समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया, जिससे आम लोगों को काफी लाभ मिलेगा। सरकार का लक्ष्य है जनता को सरकारी सुविधाएं पहुंचना।
मंत्री रामकृपाल यादव ने अपराध और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पहली प्राथमिकता अपराध मुक्त बिहार, गुंडा मुक्त बिहार और हत्यारा मुक्त बिहार बनाना है। उन्होंने कहा, अब बिहार में अपराध करने वाला बचेगा नहीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी अपराधी को बख्शा न जाए। यादव ने कहा कि अभी सिर्फ हाफ एनकाउंटर तो हो रहा है और जो सुधरेगा नहीं, वो फुल एनकाउंटर में ऊपर जाएगा। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार अपराधियों को सिर उठाने नहीं देगी।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा बिहार में अपराध और महिलाओं के खिलाफ घटनाओं को लेकर सरकार पर निशाना साधे जाने पर मंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की दुकान बंद होने वाली है, जनता उनसे मुंह मोड़ चुकी है। यदि तेजस्वी यादव अपराध के आंकड़े पेश कर रहे हैं तो उन्हें अपने शासनकाल के अपराध के आंकड़े भी जनता के सामने रखने चाहिए।
मंत्री ने कहा कि पहले बिहार में भय और खौफ का माहौल था और महिलाएं शाम के बाद घर से निकलने से डरती थीं, जबकि अब लोग देर रात गंगा पथ और मरीन ड्राइव पर परिवार के साथ घूम रहे हैं।