

पटना : बिहार में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने अपनी ही सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में जिस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, उनसे आम लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।
चिराग पासवान ने बिहार के अलग-अलग हिस्सों में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ सामने आ रही घटनाओं का जिक्र करते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर की। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं को सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने महिला सुरक्षा को प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी बताते हुए प्रभावी कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया।
चिराग ने कहा कि उनकी पार्टी सरकार में शामिल है, इसलिए वह मौजूदा स्थिति से खुद को अलग नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि सरकार का हिस्सा होने के कारण इन घटनाओं की जिम्मेदारी से बचना उचित नहीं होगा। इसी संदर्भ में उन्होंने मौजूदा हालात पर शर्मिंदगी महसूस होने की बात कही।
चिराग पासवान ने कहा कि राज्य में लगातार हो रही घटनाओं से बिहार की छवि प्रभावित होती है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे मामलों को गंभीरता से लेने और दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही। हाल के दिनों में जमुई और समस्तीपुर में नाबालिग लड़कियों से जुड़ी घटनाओं के बाद भी उन्होंने कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई थी।