बिहार MLC चुनाव : सारण में सर्वाधिक 42.55% वोट पड़े

सारण शिक्षक क्षेत्र में सबसे अधिक मतदान, दरभंगा दूसरे स्थान पर
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on: 

पटना : बिहार विधान परिषद (MLC) की 8 सीटों के लिए शुक्रवार को हो रहे द्विवार्षिक चुनाव में शुरुआती चार घंटों के दौरान मिला-जुला मतदान दर्ज किया गया। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सर्वाधिक 42.55 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 37.5 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इन चुनावों में कुल 5.32 लाख मतदाता 150 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करने के पात्र हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय के अनुसार, स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कोसी में सर्वाधिक 17.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद पटना में 15.02 प्रतिशत, दरभंगा में 13 प्रतिशत और तिरहुत में 5.55 प्रतिशत मतदान हुआ।

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में सारण के बाद दरभंगा में 37.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, पटना में 30.06 प्रतिशत और तिरहुत में 10.64 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और शाम चार बजे तक जारी रहेगा।

आठ निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 5,32,847 मतदाता हैं, जिनमें 1,46,611 महिलाएं और तृतीय लिंग के 37 मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए 933 केंद्र बनाए गए हैं। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। एक अधिकारी ने कहा, अब तक मतदान शांतिपूर्ण रहा है।

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव जनता दल (यूनाइटेड) (जदयू) में गुटबाजी सामने आने के कारण विशेष रूप से चर्चा में है। मोकामा के विधायक अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं।

पूर्व मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले नीरज कुमार इस सीट से लगातार चौथी बार जीत हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। अनंत सिंह ने आरोप लगाया है कि नीरज कुमार ने पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव के दौरान उनके खिलाफ काम किया था। इसी कारण वह जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं।

सिंह ने कहा, जनता ही असली मालिक है। उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला उसे ही करना है। मुझे विश्वास है कि अनुज सिंह भारी जनादेश के साथ चुनाव जीतेंगे। सिंह ने गुरुवार को नीतीश कुमार की नीरज कुमार से संक्षिप्त मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर कहा कि जदयू प्रमुख को वे ‘जहां ले जाते हैं, वह वहां चले जाते हैं।'

अनंत सिंह और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर लगातार दावा करते रहे हैं कि जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार को पार्टी प्रमुख का समर्थन हासिल नहीं है।

इस बीच, सत्तारूढ़ गठबंधन के प्रमुख घटक दल जदयू के नेता श्याम रजक ने कहा कि मतदान सुचारु रूप से जारी है और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पक्ष में लहर है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अलावा दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में भी मतदान हो रहा है।

सांकेतिक तस्वीर
बिहार में तीन तलाक के मामले में पहली सजा
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in