बिहार : ललन ने आरसीपी सिंह की JDU में वापसी की संभावना को खारिज किया

ललन ने प्रशांत किशोर पर निशाना साधा
आरसीपी की JDU में इंट्री!
आरसीपी की JDU में इंट्री!
Published on

पटना : जनता दल यूनाइटेड)(JDU) के पूर्व अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह 'ललन' ने रविवार को अपने प्रतिद्वंद्वी आरसीपी सिंह की पार्टी में वापसी की अटकलों को खारिज कर दिया। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर पर भी निशाना साधा।

सिंह ने हाल ही में JDU में संभावित वापसी का संकेत देते हुए दावा किया था कि वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को "किसी और से बेहतर" जानते हैं। इस बारे में पूछे जाने पर ललन सिंह ने कहा, जिन लोगों ने पार्टी को 70 से अधिक सीट से घटाकर 40 से कुछ अधिक सीट पर ला दिया, उनके लिए अब कोई जगह नहीं बची है। जनता ने एक बार फिर हम पर अपना विश्वास जताया है।

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से जब पूछा गया कि क्या प्रशांत किशोर के JDU में वापसी की इच्छा व्यक्त करने पर उन्हें पार्टी में शामिल किया जा सकता है, तो उन्होंने कहा, वह कौन हैं ? क्या वह वही नहीं हैं, जिन्होंने JDU के 25 से अधिक सीट जीतने पर राजनीति से संन्यास लेने का वादा किया था ? पार्टी ने इससे कहीं अधिक सीट जीती हैं। तो फिर वह अभी भी राजनीति में क्यों बने हुए हैं ?

प्रशांत किशोर 2020 में पार्टी से निष्कासित होने से पहले राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर थे। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। तेजस्वी ने हाल ही में चुनावों में अपनी पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा करने के लिए एक बैठक आयोजित की थी।

ललन सिंह ने कहा, वह जो चाहें कर सकते हैं, लेकिन वे बुरी तरह पराजित हो चुके हैं। 243 सदस्यीय विधानसभा में उन्होंने केवल 25 सीट जीती है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in