तिलहन की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसान प्रशिक्षण

तुमिन बरांग में दो दिवसीय कार्यक्रम, 40 किसानों को सरसों के उन्नत बीज वितरित
तिलहन की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसान प्रशिक्षण
Published on: 

गंगटोक : सिक्किम में तिलहन फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि विभाग की ओर से दो दिवसीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। गंगटोक जिला कृषि विभाग, सिक्किम सरकार की पहल पर राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन–तिलहन (एनएमईओ-ओएस) के तहत 6 और 7 नवंबर को तुमिन बरांग स्थित राकडोंग टिंटेक ऑर्गेनिक फार्मर्स प्रोड्यूसर्स कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड के सीएचसी केंद्र में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किसानों को तिलहन फसलों की वैज्ञानिक खेती, उन्नत उत्पादन तकनीकों, फसल विविधीकरण तथा परती और अनुपयोगी कृषि भूमि के बेहतर इस्तेमाल के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में राकडोंग टिंटेक ओएफपीसीएस लिमिटेड के बोर्ड सदस्य लीला धर दाहाल और प्रबंधक काशी नाथ नेपाल उपस्थित रहे।

तकनीकी सत्र में केवीके रानीपूल के वरिष्ठ अनुसंधान अध्येता डॉ. पुनम छेत्री ने तिलहन की वैज्ञानिक खेती, उन्नत बीज किस्मों, पोषक तत्व प्रबंधन और ट्राइकोडर्मा के उचित उपयोग सहित जैविक पौध संरक्षण की जानकारी दी। वहीं, राकडोंग टिंटेक ब्लॉक के कृषि विकास अधिकारी नीमा छिरिंग शेर्पा ने राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन–तिलहन और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को खाली एवं कम उपयोग वाली जमीन पर तिलहन की खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया।

कृषि सेवक करण लुइटेल शर्मा ने शून्य जुताई तकनीक और संरक्षण कृषि के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इससे खेती की लागत कम करने, मिट्टी में नमी बनाए रखने और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने में मदद मिलती है। वहीं, काशी नाथ नेपाल ने सामूहिक उत्पादन, कृषि उपज के संग्रहण और एफपीओ के माध्यम से विपणन की संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने सिक्किम इफको के साथ समन्वय कर किसानों के लिए बेहतर बाजार संपर्क स्थापित करने का आश्वासन दिया।

इस दौरान 40 एफपीओ शेयरधारक किसानों के बीच उन्नत किस्म के पंत गिरिराज सरसों के बीज वितरित किए गए। प्रशिक्षण के बाद तुमिन शेलाय में लीला धर दाहाल के खेत में धान की कटाई के बाद खाली पड़ी जमीन पर शून्य जुताई पद्धति से सरसों की खेती का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। इसका संचालन एटीएमए की एटीएम पवित्रा सुब्बा, कृषि विकास अधिकारी नीमा छेरिंग शेर्पा और कृषि सेवक करण लुइटेल शर्मा ने किया।

कार्यक्रम में कुल 40 किसानों के अलावा कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एफपीओ प्रतिनिधि और स्थानीय हितधारकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन तुमिन जीपीयू की मार्केटिंग असिस्टेंट लक्ष्मी शर्मा ने किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News