

कोलकाता : आरजी कर मामले और हालिया लॉटरी प्रकरण में नाम सामने आने के बाद विवादों में घिरे पानीहाटी के पूर्व विधायक निर्मल घोष से ऋतब्रत बनर्जी का खेमा फिलहाल दूरी बनाता नजर आ रहा है।
शनिवार को ऋतब्रत गुट की जिला समिति गठन संबंधी बैठक में निर्मल घोष की मौजूदगी से राजनीतिक हलकों में अटकलें तेज हो गईं, लेकिन पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि उन्हें बैठक के लिए आमंत्रित नहीं किया गया था। ऋतब्रत बनर्जी ने कहा कि निर्मल घोष को लेकर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
वहीं, विधायक संदीपन साहा ने बताया कि निर्मल स्वयं बैठक स्थल पर पहुंचे थे, लेकिन उनकी शीर्ष नेतृत्व से कोई बातचीत नहीं हुई। उन्होंने कहा कि संगठन में अवांछित तत्वों की घुसपैठ रोकने के लिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है और इसी उद्देश्य से संगठन को मजबूत किया जा रहा है।
पार्टी नेता आखरुज्जामान ने भी स्पष्ट किया कि निर्मल घोष को बैठक में शामिल होने के लिए नहीं बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि उनकी मौजूदगी से पार्टी का कोई आधिकारिक संबंध नहीं है। हालांकि, निर्मल घोष ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि वह बैठक में भाग लेने नहीं, बल्कि जावेद खान से मिलने पहुंचे थे।
उन्होंने यह भी दावा किया कि वह अब भी तृणमूल कांग्रेस में हैं और आगे भी पार्टी में ही बने रहेंगे। बैठक के दौरान उन्हें परिसर में अकेले बैठे और इधर-उधर घूमते देखा गया, जबकि ऋतब्रत गुट के अधिकांश नेता और कार्यकर्ता उनसे दूरी बनाए रखते नजर आए।
राजनीतिक हलकों में इसे विवादों में घिरे नेताओं से फिलहाल दूरी बनाए रखने की ऋतब्रत खेमे की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।